Breaking News

हिमाचल प्रदेश: सिया मर्डर केस में आरोपी विकास पटियाल को 14 दिन की न्यायिक हिरासत     |   छत्तीसगढ़ में प्लेन क्रैश, अचानक पहाड़ी से जा टकराया प्राइवेट एयरक्राफ्ट     |   AAP राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने तमिलनाडु के CM एमके स्टालिन से मुलाकात की     |   ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की नाकेबंदी बातचीत में बाधा’, PAK आर्मी चीफ ने ट्रंप से बात की     |   पंजाब के लुधियाना समेत चार जिलों के लिए आज से 24 अप्रैल तक लू का येलो अलर्ट जारी     |  

माकपा के बागी उम्मीदवार के समर्थक के घर पर हमला, कार में आग लगायी गयी

कन्नूर (केरल), 10 अप्रैल (भाषा) कन्नूर जिले के पय्यान्नूर में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एक बागी उम्मीदवार के समर्थक के घर पर हमला किया गया और उसके परिसर में खड़ी एक कार में आग लगा दी गयी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पय्यानूर पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

जिस घर को निशाना बनाया गया वह पय्यान्नूर के माविचेरी निवासी टी पुरुषोत्तमन का है।

पुलिस ने बताया कि यह हमला अज्ञात व्यक्तियों द्वारा किया गया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि इस घटना में माकपा कार्यकर्ता शामिल थे।

पुरुषोत्तमन, वी कुन्हीकृष्णन के कट्टर समर्थक हैं, जिन्होंने माकपा नेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए पार्टी छोड़ दी और पय्यान्नूर निर्वाचन क्षेत्र में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के समर्थन से एक निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा।

पुलिस ने बताया कि पुरुषोत्तमन खुद पहले माकपा के सदस्य थे लेकिन कुछ साल पहले उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी।

प्राथमिकी के अनुसार, घटना रात करीब 12:30 बजे हुई जब अज्ञात लोग घर के परिसर में घुस आए, वहां खड़ी कार में आग लगा दी और पत्थर फेंककर खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच के तहत इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि बृहस्पतिवार शाम को मतदान समाप्त होने के बाद कन्नूर जिले के पय्यान्नूर, तालिपारम्बा, मट्टन्नूर और धर्मदम निर्वाचन क्षेत्रों में माकपा कार्यकर्ताओं द्वारा कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं पर कथित हमलों की घटनाएं सामने आईं।

भाषा गोला सिम्मी

सिम्मी