Breaking News

ईरान और पाकिस्तान के विदेश मंत्रियों की फोन पर बातचीत, सीजफायर से मुद्दों पर चर्चा     |   इजरायल-लेबनान के प्रतिनिधियों के बीच सीजफायर पर 23 अप्रैल को वॉशिंगटन में बातचीत     |   सऊदी की आपत्ति के बाद PAK ने सूडान को $1.5 अरब के हथियार बेचने की डील रद्द की     |   राजस्थान: आग लगने की वजह से HRRL रिफाइनरी के उद्घाटन का PM का कार्यक्रम टला     |   उत्तर प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 24 आईएस अधिकारियों का तबादला हुआ     |  

पासपोर्ट छुड़ाने में मादक पदार्थ तस्कर की मदद करने के आरोप में पांच पुलिसकर्मियों पर मामला दर्ज

चंडीगढ़, नौ अप्रैल (भाषा) अमेरिकी खुफिया एजेंसी एफबीआई द्वारा वांछित एक अंतरराष्ट्रीय मादक तस्कर के जब्त पासपोर्ट को छुड़ाने में सहायता करने के आरोप में पंजाब के तरन तारन में पांच पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

बटाला के मंडियाला गांव के निवासी शहनाज सिंह उर्फ ​​शॉन भिंडर को पिछले साल मार्च में राज्य सरकार के मादक पदार्थ रोधी अभियान 'युद्ध नशेयां विरुद्ध' के दौरान गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस के अनुरोध पर अमृतसर स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने भिंडर का पासपोर्ट जब्त कर लिया था।

भिंडर को अक्टूबर 2025 में पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय द्वारा जमानत दी गई थी और आशंका है कि पासपोर्ट जारी होने के बाद वह देश छोड़कर भाग गया है।

तरन तारन के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सुरेंद्र लांबा ने बृहस्पतिवार को कहा कि भिंडर का पासपोर्ट जारी कराने में मदद करने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी करने और पक्षपातपूर्ण रिपोर्ट तैयार करने के आरोप में पांच पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

लांबा ने कहा कि मामले में निरीक्षक प्रभजीत सिंह, सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) लखविंदर सिंह, एएसआई गुरविंदर सिंह, हेड कांस्टेबल हरकंवल सिंह और कांस्टेबल धरमिंदर सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

सूत्रों के अनुसार, आरोपी पुलिसकर्मी फिलहाल फरार हैं।

एसएसपी ने कहा कि अन्य पुलिस कर्मियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी और एसपी रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में विस्तृत जांच होगी।

भाषा

शुभम पारुल

पारुल