Breaking News

ईरान और पाकिस्तान के विदेश मंत्रियों की फोन पर बातचीत, सीजफायर से मुद्दों पर चर्चा     |   इजरायल-लेबनान के प्रतिनिधियों के बीच सीजफायर पर 23 अप्रैल को वॉशिंगटन में बातचीत     |   सऊदी की आपत्ति के बाद PAK ने सूडान को $1.5 अरब के हथियार बेचने की डील रद्द की     |   राजस्थान: आग लगने की वजह से HRRL रिफाइनरी के उद्घाटन का PM का कार्यक्रम टला     |   उत्तर प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 24 आईएस अधिकारियों का तबादला हुआ     |  

उप्र: उपमुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री ने किया हवाई सर्वे, बेमौसम बारिश से प्रभावित जनपदों का जाना हाल

लखनऊ, नौ अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बृहस्पतिवार को बेमौसम बारिश से सर्वाधिक प्रभावित बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकरनगर, आजमगढ़, अमेठी, सुल्तानपुर, फतेहपुर, उन्नाव तथा लखनऊ जनपदों का हवाई सर्वेक्षण किया।

सरकार ने प्रदेश में इस सप्ताह हुई असामयिक वर्षा, तेज हवाओं और चक्रवात के कारण किसानों की फसलों को हुए भारी नुकसान का जायजा लेने के लिए त्वरित कदम उठाए हैं।

एक बयान के मुताबिक उपमुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री ने किसानों को आश्वस्त किया कि संकट की घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है तथा वह पीड़ित किसानों को आर्थिक सहायता समेत हरसंभव मदद के लिए प्रतिबद्ध है।

किसानों को बताया गया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर फसल नुकसान की वास्तविक स्थिति का आकलन करने और किसानों को तत्काल राहत पहुंचाने के उद्देश्य से इन सभी जनपदों के प्रशासन को विस्तृत सर्वेक्षण करने के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।

हवाई सर्वेक्षण के उपरांत आजमगढ़ तथा फतेहपुर जनपदों में स्थिति की जमीनी हकीकत परखने के लिए महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई। इन बैठकों में जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, उप निदेशक कृषि और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान फसल सर्वेक्षण कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई और सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे पूरी तत्परता के साथ आपदा प्रभावित किसानों की फसलों का सर्वेक्षण कार्य शीघ्र पूर्ण कर शासन को विस्तृत रिपोर्ट भेजें, ताकि प्रभावित अन्नदाताओं को अविलंब राहत राशि उपलब्ध कराई जा सके।

भाषा जफर

राजकुमार

राजकुमार