नयी दिल्ली, नौ अप्रैल (भाषा) दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने बृहस्पतिवार को यहां समृद्ध सैनिक फार्म क्षेत्र में अतिक्रमण रोधी अभियान के तहत 23 फार्महाउसों को ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
डीडीए के अनुसार, यह कार्रवाई तिलपत घाटी जैव विविधता उद्यान और मैदानगढ़ी गांव में ‘‘पारिस्थितिक संपदा’’ की रक्षा के लिए चल रहे प्रयासों का हिस्सा है।
डीडीए ने एक बयान में कहा कि सरकारी जमीन को मुक्त कराने और जैव विविधता उद्यान के हरित क्षेत्र को बढ़ाने के उद्देश्य से उद्यान सीमा के भीतर अवैध निर्माणों को हटाने के लिए नौ अप्रैल 2026 को तिलपत घाटी जैव विविधता उद्यान और मैदानगढ़ी गांव में ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया।
बयान के अनुसार लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा, यानी करीब 83 एकड़ भूमि, पुनः प्राप्त कर ली गई तथा लगभग 12 एकड़ क्षेत्र में फैले 23 फार्महाउसों को ध्वस्त किया गया।
बयान के अनुसार, उच्च न्यायालय के स्थगन आदेश के कारण करीब तीन एकड़ भूमि को खाली नहीं कराया जा सका जिसमें सात फार्महाउस शामिल हैं,।
रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के अनुसार, इस अभियान में वेस्टर्न एवेन्यू पर स्थित दो आवासीय भूखंडों पर कार्रवाई की गई।
वेस्टर्न एवेन्यू रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष हरदीप सिंह भल्ला ने आरोप लगाया, ‘‘यह पूरी तरह से गैरकानूनी कार्रवाई है। अदालत से स्थगन आदेश मिलने के बावजूद वे सुबह करीब पांच बजे आए और कार्रवाई की। यह निजी ज़मीन है और डीडीए के पास इस भूखंड के खसरा नंबर का स्पष्ट सीमांकन नहीं है।'
भल्ला ने कहा कि जहां सरकार अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने की बात कर रही है, वहीं डीडीए इलाके के निवासियों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक सरकारी एजेंसी ने अतिक्रमण हटाओ अभियान के लिए कर्मियों की तैनाती का अनुरोध किया था।
अधिकारी ने कहा, 'कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। अब तक कोई विरोध प्रदर्शन नहीं हुआ है।'
केंद्र सरकार ने मंगलवार को 'जैसा है जहां है' के आधार पर 1,521 अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने के लिए एक नई नीति की घोषणा की।
भाषा राखी राजकुमार
राजकुमार