Breaking News

ईरान और पाकिस्तान के विदेश मंत्रियों की फोन पर बातचीत, सीजफायर से मुद्दों पर चर्चा     |   इजरायल-लेबनान के प्रतिनिधियों के बीच सीजफायर पर 23 अप्रैल को वॉशिंगटन में बातचीत     |   सऊदी की आपत्ति के बाद PAK ने सूडान को $1.5 अरब के हथियार बेचने की डील रद्द की     |   राजस्थान: आग लगने की वजह से HRRL रिफाइनरी के उद्घाटन का PM का कार्यक्रम टला     |   उत्तर प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 24 आईएस अधिकारियों का तबादला हुआ     |  

विधानसभा चुनावों में रिकॉर्ड मतदान: असम में 85 प्रतिशत, पुडुचेरी में 89 प्रतिशत

नयी दिल्ली, नौ अप्रैल (भाषा) निर्वाचन आयोग ने बताया कि असम और पुडुचेरी में बृहस्पतिवार को क्रमशः 85.38 प्रतिशत और 89.83 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो अब तक का सबसे उच्च मतदान प्रतिशत है।

आयोग ने बताया कि इससे पहले असम और पुडुचेरी में मतदान में सबसे अधिक भागीदारी क्रमशः 84.67 प्रतिशत (2016 विधानसभा चुनाव) और 86.19 प्रतिशत (2011 विधानसभा चुनाव) थी।

केरल, असम और पुडुचेरी में महिला मतदाताओं की भागीदारी अधिक रही।

असम में जहां पुरुषों की भागीदारी 84.80 प्रतिशत रही, वहीं महिला मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 85.96 प्रतिशत दर्ज किया गया। इसी प्रकार केरल में पुरुषों की मतदान में भागीदारी 75.01 प्रतिशत थी, जबकि महिलाओं की भागीदारी 80.86 प्रतिशत रही।

केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में 88.09 प्रतिशत पुरुष मतदाताओं ने मतदान किया, जबकि महिला मतदाताओं का प्रतिशत 91.33 प्रतिशत रहा।

असम, केरल और पुडुचेरी की कुल 296 विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ, जिनमें कुल 5.31 करोड़ से अधिक मतदाता शामिल थे। इसके अलावा कर्नाटक, नगालैंड और त्रिपुरा की चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव भी हुए।

मतदान के संबंध में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा, 'असम, केरल और पुडुचेरी में 2026 के विधानसभा चुनाव न केवल भारत के लिए बल्कि पूरे लोकतांत्रिक जगत के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि हैं। निर्वाचन आयोग की ओर से, मैं असम, पुडुचेरी और केरल के प्रत्येक मतदाता को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई देता हूं।’’

भाषा आशीष माधव

माधव