Breaking News

ईरान और पाकिस्तान के विदेश मंत्रियों की फोन पर बातचीत, सीजफायर से मुद्दों पर चर्चा     |   इजरायल-लेबनान के प्रतिनिधियों के बीच सीजफायर पर 23 अप्रैल को वॉशिंगटन में बातचीत     |   सऊदी की आपत्ति के बाद PAK ने सूडान को $1.5 अरब के हथियार बेचने की डील रद्द की     |   राजस्थान: आग लगने की वजह से HRRL रिफाइनरी के उद्घाटन का PM का कार्यक्रम टला     |   उत्तर प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 24 आईएस अधिकारियों का तबादला हुआ     |  

पंजाब में बीकेआई आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़, दो व्यक्ति गिरफ्तार

चंडीगढ़, नौ अप्रैल (भाषा) पंजाब पुलिस ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने दो लोगों को गिरफ्तार कर आईएसआई समर्थित बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है, जो राज्य में शांति भंग करने के लिए बड़े पैमाने पर हमले को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश मसीह और जबलौन के रूप में हुई है। ये दोनों ही गुरदासपुर जिले के दुल्ला नंगल इलाके के रहने वाले हैं।

पुलिस ने बताया कि दोनों आपराधिक पृष्ठभूमि के हैं।

इन गिरफ्तारियों के बाद भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किये गए।

पुलिस ने बताया कि बरामद की गई वस्तुओं में पांच हथगोले, दो विशेष डेटोनेटर, कोडर और डिकोडर के साथ पीटीटी टाइमर, बैटरी, आईईडी की सामग्री (कीलों से भरा एक किलोग्राम विस्फोटक), केबल और ट्रिगर प्रणाली के साथ एक बाओफेंग वॉकी-टॉकी शामिल हैं।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि अमृतसर ग्रामीण पुलिस, गुरदासपुर पुलिस, ‘काउंटर इंटेलिजेंस विंग’ के अमृतसर स्थित विशेष अभियान प्रकोष्ठ और केंद्रीय एजेंसियों के एक संयुक्त अभियान में इस नेटवर्क का भंडाफोड़ किया गया।

पुलिस उप महानिरीक्षक (सीमा क्षेत्र) संदीप गोयल ने कहा कि शुरुआती जांच से पता चला है कि आईएसआई (इंटर सर्विसेज इंटेलिजेंस) समर्थित इस आतंकी नेटवर्क का संचालन विदेश से किया जा रहा था।

उन्होंने कहा कि पूरी साजिश और स्थानीय नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

गुरदासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य ने बताया कि कलनौर पुलिस थाने में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।

भाषा सुभाष पवनेश

पवनेश