Breaking News

‘बिल पास होना संभव ही नहीं था’, 131वां संविधान संशोधन बिल गिरने पर बोलीं प्रियंका गांधी     |   सैन्य जहाजों को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने की अनुमति नहीं होगी: ईरानी अधिकारी     |   लखनऊ: दोहरी नागरिकता मामले में राहुल गांधी पर FIR दर्ज करने के आदेश     |   अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में आज भी तेजी, 29 पैसे चढ़कर 92.85 पर पहुंचा     |   सेंसेक्स 504 अंक उछलकर 78,493 पर, निफ्टी 156 अंक चढ़कर 24,353 पर बंद हुए     |  

फॉक्सवैगन का दशक के अंत तक भारत में पांच प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने का लक्ष्यः सीईओ

मुंबई, नौ अप्रैल (भाषा) जर्मनी के वाहन विनिर्माता समूह फॉक्सवैगन ने भारतीय यात्री वाहन बाजार में यह दशक खत्म होने के पहले पांच प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने का लक्ष्य रखा है जिसमें वैकल्पिक ईंधन प्रौद्योगिकी अहम भूमिका निभा सकती है। कंपनी के शीर्ष अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह बात कही।

फॉक्सवैगन समूह की भारतीय इकाई स्कोडा ऑटो फॉक्सवैगन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (एसएवीडब्ल्यूआईपीएल) के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पीयूष अरोड़ा ने संवाददाताओं से कहा कि कंपनी की मौजूदा बाजार हिस्सेदारी 2.5 प्रतिशत से थोड़ी कम है और इसे पांच प्रतिशत तक ले जाने के लिए नए उत्पाद लाने होंगे।

उन्होंने कहा, “हमारा मध्यम अवधि का लक्ष्य निश्चित रूप से पांच प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी तक पहुंचना है। इसके लिए हमें नए उत्पादों की जरूरत होगी और इस दिशा में काम किया जा रहा है।”

फॉक्सवैगन समूह ने वर्ष 2018 में अपनी ‘इंडिया 2.0’ रणनीति के तहत 2025 तक पांच प्रतिशत हिस्सेदारी का लक्ष्य रखा था, लेकिन कोविड-19 महामारी जैसे व्यवधानों के चलते इसे हासिल नहीं किया जा सका।

अरोड़ा ने कहा कि भविष्य के उत्पादों में पारंपरिक दहन इंजन (आईसीई) के साथ वैकल्पिक ईंधन वाले वाहन भी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि कंपनी इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) पर काम करने के साथ सीएनजी विकल्पों पर भी विचार कर रही है।

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के प्रभाव पर उन्होंने कहा कि गैस आपूर्ति से जुड़ी पाबंदियों के बावजूद अब तक उत्पादन पर कोई असर नहीं पड़ा है।

बिक्री वृद्धि के बारे में उन्होंने कहा कि यदि पश्चिम एशिया का संघर्ष जल्द खत्म हो जाता है तो उद्योग की वृद्धि दर छह-सात प्रतिशत के मौजूदा अनुमान से अधिक हो सकती है।

अरोड़ा ने कहा कि फॉक्सवैगन अपने नए उत्पादों, खासकर टाइगुन एसयूवी के नए संस्करण के सहारे उद्योग से तेज वृद्धि हासिल कर बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने पर ध्यान दे रही है।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय