Breaking News

‘बिल पास होना संभव ही नहीं था’, 131वां संविधान संशोधन बिल गिरने पर बोलीं प्रियंका गांधी     |   सैन्य जहाजों को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने की अनुमति नहीं होगी: ईरानी अधिकारी     |   लखनऊ: दोहरी नागरिकता मामले में राहुल गांधी पर FIR दर्ज करने के आदेश     |   अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में आज भी तेजी, 29 पैसे चढ़कर 92.85 पर पहुंचा     |   सेंसेक्स 504 अंक उछलकर 78,493 पर, निफ्टी 156 अंक चढ़कर 24,353 पर बंद हुए     |  

नोएडा: गड्ढे में डूबे एमिटी के छात्र के शव का किया गया पोस्टमार्टम

नोएडा (उत्तर प्रदेश), नौ अप्रैल (भाषा) नोएडा के सेक्टर-94 के पास निर्माणाधीन सोसाइटी में एक गड्ढे में भरे पानी में कथित तौर पर तैरते समय एक छात्र की मौत हो गई जिसके शव का बृहस्पतिवार सुबह तीन चिकित्सकों के एक पैनल ने पोस्टमार्टम किया। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, सेक्टर-125 स्थित एमिटी विश्वविद्यालय में शारीरिक शिक्षा विषय से स्नातक करने वाला छात्र हर्षित भट्ट (23) परीक्षा समाप्त होने के बाद बुधवार शाम अपने तीन साथियों हिमांशु, व्यास और कृष के साथ सेक्टर-94 के पास पिकनिक मनाने गया था।

पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) साद मियां खान ने कहा, ‘‘परीक्षा के बाद चारों ने साथ बैठकर शराब पी। इसके बाद नशे की हालत में हर्षित एक निर्माणाधीन सोसाइटी में एक गड्ढे में भरे पानी में नहाने चला गया, जहां तैरते समय वह डूब गया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हर्षित को बचाने के प्रयास में उसके तीनों साथी भी गड्ढे में कूद गए, लेकिन वे भी डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।’’

सूचना मिलते ही राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), अग्निशमन दल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

अधिकारियों ने बताया कि करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद हर्षित को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने दावा किया, ‘‘गड्ढे के चारों ओर करीब आठ फुट ऊंची बैरिकेडिंग की गई थी। हालांकि, कुछ हिस्सा खुला हुआ था, जहां से हर्षित अंदर पहुंचा।’’

अधिकारियों ने बताया, ‘‘आज सुबह शव का पोस्टमार्टम तीन चिकित्सकों के पैनल से कराया गया है जिसकी रिपोर्ट शाम तक आने की संभावना है।’’

उन्होंने बताया कि हर्षित के पिता लद्दाख से दिल्ली पहुंच रहे हैं।

छात्र के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

हर्षित की मां ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा शराब नहीं पीता था और उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान हैं।

छात्र की मां ने आरोप लगाया कि उनके बेटे के साथ मारपीट कर उसे गड्ढे में धकेला गया।

पुलिस उपायुक्त ने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और मृतक के दोस्तों से पूछताछ की गई है।

भाषा सं

खारी मनीषा

मनीषा