Breaking News

‘बिल पास होना संभव ही नहीं था’, 131वां संविधान संशोधन बिल गिरने पर बोलीं प्रियंका गांधी     |   सैन्य जहाजों को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने की अनुमति नहीं होगी: ईरानी अधिकारी     |   लखनऊ: दोहरी नागरिकता मामले में राहुल गांधी पर FIR दर्ज करने के आदेश     |   अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में आज भी तेजी, 29 पैसे चढ़कर 92.85 पर पहुंचा     |   सेंसेक्स 504 अंक उछलकर 78,493 पर, निफ्टी 156 अंक चढ़कर 24,353 पर बंद हुए     |  

सेना ने भूस्खलन प्रभावित उत्तरी सिक्किम से 135 पर्यटकों को बचाया, कई अब भी फंसे हुए

गंगटोक, नौ अप्रैल (भाषा) उत्तरी सिक्किम में कई भूस्खलनों के कारण सड़क संपर्क टूट जाने के बाद सेना ने वहां फंसे कुल 135 पर्यटकों को बचाया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि लाचेन में लगभग 1,000 पर्यटक फंसे हुए हैं और उन्हें जल्द से जल्द बचाने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।

उन्होंने बताया कि भारी हिमपात के बीच पूर्वी कमान के अंतर्गत त्रिशक्ति कोर द्वारा बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि 'ऑपरेशन हिम सेतु' नामक बचाव अभियान को सुगम बनाने के लिए महत्वपूर्ण दर्रों को खोल दिया गया है और वैकल्पिक मार्गों को सक्रिय कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि अब तक कुल 32 हल्के वाहन और 10 मोटरसाइकिल निकाली जा चुकी हैं। सेना के वाहनों को बर्फ से ढकी जगहों पर फंसे असैन्य वाहनों को खींचने के लिए तैनात किया गया है।

अधिकारियों ने बताया सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) सेना के साथ मिलकर चुनौतीपूर्ण भूभाग और मौसम के बावजूद सड़क को साफ करने, बर्फ हटाने और संपर्क बहाल करने का काम लगातार कर रहा है।

सेना के एक अधिकारी ने कहा, 'हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा और कल्याण है। हमारी टीम जमीनी स्तर पर सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।'

कई भूस्खलनों के कारण लाचेन और चुंगथांग के बीच सड़क संपर्क बाधित हो गया है। चुंगथांग भारत-चीन सीमा के निकट का क्षेत्र है।

भाषा तान्या सिम्मी

सिम्मी