Breaking News

‘बिल पास होना संभव ही नहीं था’, 131वां संविधान संशोधन बिल गिरने पर बोलीं प्रियंका गांधी     |   सैन्य जहाजों को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने की अनुमति नहीं होगी: ईरानी अधिकारी     |   लखनऊ: दोहरी नागरिकता मामले में राहुल गांधी पर FIR दर्ज करने के आदेश     |   अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में आज भी तेजी, 29 पैसे चढ़कर 92.85 पर पहुंचा     |   सेंसेक्स 504 अंक उछलकर 78,493 पर, निफ्टी 156 अंक चढ़कर 24,353 पर बंद हुए     |  

नौ अप्रैल : अन्ना हजारे ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अपना अनशन समाप्त किया

नयी दिल्ली, नौ अप्रैल (भाषा) सामाजिक कार्यकर्ता और देश में भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन की अलख जगाने वाले अन्ना हजारे ने 2011 में दिल्ली के रामलीला मैदान में अनशन किया और नौ अप्रैल को अपने इस अनशन का समापन किया। उनके इस भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन का महत्व इसलिए भी अधिक है क्योंकि कभी उनके सहयोगी रहे अरविंद केजरीवाल के दिल्ली के मुख्यमंत्री पद तक पहुंचने का रास्ता भी इसी आंदोलन से निकला था।

यह दिन दुनिया की एक और बड़ी घटना का भी गवाह है। वर्ष 2003 का वह मंजर बहुत से लोगों को याद होगा, जब इराक के तानाशाह शासक सद्दाम हुसैन के शासन का अंत हुआ था और लोगों ने बगदाद के फिरदौस चौराहे पर लगी सद्दाम की मूर्ति को गिरा डाला था। इतिहास में वह घटना भी नौ अप्रैल की तारीख में दर्ज है।

इसके अलावा नौ अप्रैल 2025 को डोमिनिकन गणराज्य की राजधानी सैंटो डोमिंगो में एक नाइट क्लब की छत गिरने से 124 लोगों की मौत हो गई, जबकि सैकड़ों अन्य घायल हो गए।

सैंटो डोमिंगो का मशहूर जेट सेट नाइट क्लब नौ अप्रैल की रात गायकों, संगीत प्रेमियों, एथलीट और सरकारी अधिकारियों से खचाखच भरा हुआ था। मंच पर मेरेंग्यू गायिका रूबी पेरेज प्रस्तुति दे रही थीं, तभी नाइट क्लब की छत से सीमेंट झड़ने लगा और देखते ही देखते पूरी छत ढह गई। छत ढहने से डांस फ्लोर पर नाच रहे 124 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों अन्य मलबे के नीचे दब गए।

देश-दुनिया के इतिहास में नौ अप्रैल की तारीख पर दर्ज महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है-

1669 : मुगल बादशाह औरंगजेब ने सभी हिन्दू स्कूलों और मंदिरों को ध्वस्त करने का आदेश दिया।

1860 : पहली बार इंसान की आवाज रिकार्ड की गई।

1965 : कच्छ के रण में भारत पाकिस्तान युद्ध छिड़ा।

1988 : अमेरिका ने पनामा पर आर्थिक प्रतिबंध लगाये।

2001 : अमेरिकी एयरलाइंस ने ट्रांस वर्ल्ड एयरलाइंस का औपचारिक रूप से अधिग्रहण किया और वह उस समय दुनिया की सबसे बड़ी एयरलाइन बन गई।

2002 : बहरीन में निगम चुनाव में महिलाओं को हिस्सा लेने की अनुमति मिली।

2003 : इराक को सद्दाम हुसैन की तानाशाही से मुक्ति मिली।

2005 : प्रिंस चार्ल्स ने कैमिला से विवाह किया।

2010 : श्रीलंका के राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे के यूनाइटेड पीपुल्स फ्रीडम एलायंस ने 225 सीटों वाली संसद में 117 सीटें जीतीं।

2011 : सरकार द्वारा लोकपाल कानून बनाने की मांग मान लेने के बाद अन्ना हजारे ने 95 घंटे से जारी अपना आमरण अनशन समाप्त कर दिया।

2018 : सीरिया में हवाई ठिकाने पर हमले में ईरानी सुरक्षा बलों समेत 14 लोगों की मौत।

2019 : बागियों के कब्जे वाली यमन की राजधानी में दो स्कूलों के पास हुए विस्फोट में 14 बच्चों की मौत।

2020 : देश में कोरोना वायरस से 169 लोगों की मौत, संक्रमितों की संख्या 5,865 पर पहुंची।

2021 : ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पति प्रिंस फिलिप का 99 वर्ष की उम्र में निधन।

2022 : युद्धग्रस्त पूर्वी यूक्रेन के डोनबास क्षेत्र में एक रेलवे स्टेशन पर मौजूद भीड़ पर हुए रूसी रॉकेट हमले में 52 लोगों की मौत ।

2023 : सीरिया से रॉकेट दागे जाने के बाद यरुशलम के विवादित धार्मिक स्थल पर तनाव गहराया।

2024 : मोजाम्बिक में नौका पलटने से 98 लोगों की मौत।

2025 : डोमिनिकन गणराज्य में नाइट क्लब की छत ढहने से 124 लोगों की मौत।

भाषा मनीषा

मनीषा