Breaking News

‘बिल पास होना संभव ही नहीं था’, 131वां संविधान संशोधन बिल गिरने पर बोलीं प्रियंका गांधी     |   सैन्य जहाजों को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने की अनुमति नहीं होगी: ईरानी अधिकारी     |   लखनऊ: दोहरी नागरिकता मामले में राहुल गांधी पर FIR दर्ज करने के आदेश     |   अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में आज भी तेजी, 29 पैसे चढ़कर 92.85 पर पहुंचा     |   सेंसेक्स 504 अंक उछलकर 78,493 पर, निफ्टी 156 अंक चढ़कर 24,353 पर बंद हुए     |  

कर्नाटक उपचुनाव: दो विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी

बेंगलुरु, नौ अप्रैल (भाषा) कर्नाटक की दो विधानसभा सीट बागलकोट और दावणगेरे दक्षिण पर उपचुनाव के लिए बृहस्पतिवार सुबह से मतदान जारी है।

बागलकोट विधानसभा क्षेत्र से वरिष्ठ कांग्रेस विधायक एच वाई मेती और दावणगेरे दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से शमनूर शिवशंकरप्पा के निधन के कारण चुनाव कराना आवश्यक हो गया था। मतगणना चार मई को होगी।

हालांकि इन उपचुनावों के परिणाम का राज्य की राजनीति पर तत्काल प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है, लेकिन इस मुकाबले को सत्तारूढ़ कांग्रेस और विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दोनों के लिए प्रतिष्ठा का विषय माना जा रहा है।

कांग्रेस के सामने जहां दोनों सीट को बरकरार रखने की चुनौती है वहीं भाजपा का इरादा इन सीट को सत्तारूढ़ पार्टी से छीनकर उसे झटका देना है जो वर्तमान में नेतृत्व को लेकर ‘‘आंतरिक सत्ता संघर्ष’’ से जूझ रही है।

बागलकोट में 319 मतदान केंद्रों पर 25 लाख से अधिक मतदाता वोट डालने के लिए पात्र हैं। इस सीट पर नौ उम्मीदवार मैदान में हैं।

दावणगेरे दक्षिण में 284 मतदान केंद्रों पर 25 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं और 23 लाख से अधिक मतदाता मतदान के लिए पात्र हैं।

अधिकारियों ने बताया कि उपचुनाव के सुचारू संचालन के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

भाजपा ने पूर्व विधायक और 2023 में पराजित उम्मीदवार वीरभद्रय्या चरंतिमठ को बागलकोट से और एक नया चेहरा श्रीनिवास टी दासकरियप्पा को दावणगेरे दक्षिण से मैदान में उतारा है।

कांग्रेस ने दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में दिवंगत विधायकों के परिवार के सदस्यों को टिकट दिया है। बागलकोट से कांग्रेस उम्मीदवार उमेश मेती, एच वाई मेती के पुत्र हैं, जबकि दावणगेरे दक्षिण से उम्मीदवार समर्थ मल्लिकार्जुन, शमनूर शिवशंकरप्पा के पोते हैं।

भाषा सुरभि सिम्मी

सिम्मी