Breaking News

‘बिल पास होना संभव ही नहीं था’, 131वां संविधान संशोधन बिल गिरने पर बोलीं प्रियंका गांधी     |   सैन्य जहाजों को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने की अनुमति नहीं होगी: ईरानी अधिकारी     |   लखनऊ: दोहरी नागरिकता मामले में राहुल गांधी पर FIR दर्ज करने के आदेश     |   अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में आज भी तेजी, 29 पैसे चढ़कर 92.85 पर पहुंचा     |   सेंसेक्स 504 अंक उछलकर 78,493 पर, निफ्टी 156 अंक चढ़कर 24,353 पर बंद हुए     |  

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने अग्रिम जमानत के लिए तेलंगाना उच्च न्यायालय का रूख किया

(फाइल फोटो के साथ)

हैदराबाद/नयी दिल्ली, आठ अप्रैल (भाषा) कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने असम सरकार द्वारा उनके खिलाफ दर्ज किए गए मामले में अग्रिम जमानत का अनुरोध करते हुए बुधवार को तेलंगाना उच्च न्यायालय का रुख किया।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की पत्नी के खिलाफ आरोप लगाने पर खेड़ा के खिलाफ यह मामला दर्ज किया गया है।

कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख खेड़ा ने अपना आवासीय पता हैदराबाद में बताया है। उन्होंने उच्च न्यायालय से अनुरोध किया कि गिरफ्तारी की स्थिति में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया जाए।

खेड़ा की पत्नी तेलंगाना की हैं और हैदराबाद में उनका खुद का घर भी है। तेलंगाना में कांग्रेस सत्ता में है।

यह याचिका सात अप्रैल को दायर की गई थी। नौ अप्रैल को उस पर सुनवाई होगी।

खेड़ा ने याचिका में गुवाहाटी अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त थाने और तेलंगाना सरकार को प्रतिवादी बनाया है।

अपनी अग्रिम जमानत याचिका में खेड़ा ने दलील दी है कि वह कानून का पालन करने वाले नागरिक हैं, उनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है और वह प्रमुख विपक्षी दल में एक जिम्मेदार पद पर हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि वह अपने खिलाफ दायर मामले में सहयोग करने के लिए तैयार हैं और इसलिए उन्हें अग्रिम जमानत दी जानी चाहिए।

खेड़ा ने पांच अप्रैल को आरोप लगाया था कि शर्मा की पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा के पास कई पासपोर्ट और विदेशी संपत्ति है, जिसे मुख्यमंत्री के चुनावी हलफनामे में घोषित नहीं किया गया है।

शर्मा दंपति ने इन आरोपों को ‘‘झूठा, मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण’’ बताया।

मुख्यमंत्री की पत्नी की शिकायत पर गुवाहाटी अपराध शाखा थाने में खेड़ा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिनमें 175 (चुनाव के संबंध में झूठा बयान), 35 (शरीर और संपत्ति की निजी रक्षा का अधिकार) और 318 (धोखाधड़ी) भी शामिल हैं।

इससे पहले, असम पुलिस की एक टीम मामले के सिलसिले में पूछताछ के लिए दिल्ली में खेड़ा के आवास पर गई थी, लेकिन वह वहां नहीं मिले। असम पुलिस की टीम ने मकान की तलाशी ली और अभियोजन योग्य सामग्री मिलने का दावा किया।

मंगलवार को शर्मा ने कांग्रेस पर उन दस्तावेजों का ‘‘सत्यापन न करने’’ का आरोप लगाया, जिनके आधार पर उसने उन पर और उनके परिवार पर आरोप लगाए थे।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि खेड़ा हैदराबाद भाग गए हैं, लेकिन असम पुलिस उन्हें ‘‘पाताल’’ से भी ढूंढ निकालेगी।

किसी अज्ञात स्थान से रिकॉर्ड किए गए वीडियो में असम के मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए खेड़ा ने बुधवार को भाजपा नेता पर विपक्षी दल के सवालों का जवाब देने के बजाय उनके पीछे पुलिस को लगा देने का आरोप लगाया।

वीडियो में खेड़ा ने कहा, ‘‘हमारी पार्टी ने आपसे सिर्फ कुछ सवाल पूछे थे। आप हमें चुप क्यों कराना चाहते हैं? हमने सवाल पूछे हैं; हमें जवाब दीजिए।’’

उन्होंने कहा,‘‘जवाब देने के बजाय, आप सब को अपशब्द कह रहे हैं, आपने मेरे पीछे पुलिस लगा दी है। मैं पुलिस से डरता नहीं हूं। लेकिन मैं उससे बच रहा हूं, क्योंकि मुझे और भी सवाल पूछने हैं।’’

असम विधानसभा चुनाव के लिए मतदान बृहस्पतिवार को होना है।

भाषा

राजकुमार पारुल

पारुल