Breaking News

‘बिल पास होना संभव ही नहीं था’, 131वां संविधान संशोधन बिल गिरने पर बोलीं प्रियंका गांधी     |   सैन्य जहाजों को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने की अनुमति नहीं होगी: ईरानी अधिकारी     |   लखनऊ: दोहरी नागरिकता मामले में राहुल गांधी पर FIR दर्ज करने के आदेश     |   अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में आज भी तेजी, 29 पैसे चढ़कर 92.85 पर पहुंचा     |   सेंसेक्स 504 अंक उछलकर 78,493 पर, निफ्टी 156 अंक चढ़कर 24,353 पर बंद हुए     |  

आईएमटी मानेसर की कई कंपनियों के संविदा कर्मचारी वेतन वृद्धि की मांग को लेकर हड़ताल पर

गुरुग्राम, आठ अप्रैल (भाषा) आईएमटी, मानेसर की आधा दर्जन से अधिक कंपनियों के संविदा कर्मचारी बुधवार को वेतन वृद्धि और बेहतर कार्य परिस्थितियों की मांग को लेकर हड़ताल पर चले गए।

गुरुग्राम के जिला मजिस्ट्रेट और उपायुक्त अजय कुमार ने आईएमटी मानेसर और आसपास के इलाकों में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू करने के आदेश जारी किए।

होंडा स्कूटर एंड मोटरसाइकिल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (एचएमएसआई) में श्रमिकों के आंदोलन के बाद, आधा दर्जन कंपनियों के संविदा कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर हड़ताल शुरू कर दी। लगभग 7,000 संविदा कर्मचारी वेतन वृद्धि और बेहतर कार्य परिस्थितियों की मांग को लेकर अपनी कंपनियों के गेट के बाहर धरने पर बैठ गए। बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी भी हड़ताल में शामिल हुईं।

जब पुलिस ने कर्मचारियों से बातचीत करने की कोशिश की, तो झड़प शुरू हो गई। आरोप है कि पुलिस अधिकारियों से धक्का-मुक्की भी की गई और उनके मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की गई।

कर्मचारियों के हंगामे को देखते हुए जिला प्रशासन ने धारा 163 लागू कर दी।

कुमार ने कहा कि यह निर्णय पुलिस विभाग से प्राप्त जानकारी के आधार पर लिया गया, जिसने क्षेत्र में संभावित प्रदर्शनों और विरोध मार्चों के बारे में चिंता व्यक्त की थी।

जारी आदेशों के अनुसार, आईएमटी मानेसर क्षेत्र में बिना अनुमति के पांच या अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर सख्त प्रतिबंध है। इसके अलावा, सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार के हथियार ले जाना भी प्रतिबंधित है। इसके साथ ही सड़कों और रास्तों को अवरुद्ध करना या यातायात में बाधा डालना प्रतिबंधित है।

उपायुक्त कुमार ने कहा, 'ये आदेश शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने, जन सुरक्षा सुनिश्चित करने और सुचारू यातायात व्यवस्था के लिए लागू किए गए हैं। ये आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे और अगले आदेश तक प्रभावी रहेंगे।'

भाषा

राखी अविनाश

अविनाश