Breaking News

‘बिल पास होना संभव ही नहीं था’, 131वां संविधान संशोधन बिल गिरने पर बोलीं प्रियंका गांधी     |   सैन्य जहाजों को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने की अनुमति नहीं होगी: ईरानी अधिकारी     |   लखनऊ: दोहरी नागरिकता मामले में राहुल गांधी पर FIR दर्ज करने के आदेश     |   अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में आज भी तेजी, 29 पैसे चढ़कर 92.85 पर पहुंचा     |   सेंसेक्स 504 अंक उछलकर 78,493 पर, निफ्टी 156 अंक चढ़कर 24,353 पर बंद हुए     |  

मध्यप्रदेश: पुलिस से बचने को तालाब में कमल के खोखले तने की मदद से पांच घंटे छुपा रहा चोर

जबलपुर, आठ अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के जबलपुर में पिछले दिनों एक अजीबोगरीब मामला सामने आया, जहां पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए एक चोर तालाब में कूद गया और कमल के तनों की मदद से सांस लेकर पांच घंटे छुपा रहा। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि यह मामला छह अप्रैल का है और आरोपी उत्तर प्रदेश के बिजनौर का रहने वाला है तथा वह वहां पार्षद भी रह चुका है।

रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के थाना प्रभारी राजीव खरब ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि आरोपी हरविंदर सिंह (42) उर्फ सनी ने रीवा-इतवारी एक्सप्रेस ट्रेन के एक एसी डिब्बे में एक महिला का पर्स चुराने की कोशिश की और आरपीएफ के जवानों ने उसे देख लिया।

उन्होंने बताया कि आरपीएफ जवानों ने जब उसका पीछा किया तो वह स्थानीय बाजार के पास काई से ढके एक तालाब में कूद गया और पकड़ में आने से बचने के लिए पानी में छिपा रहा।

खरब ने बताया, ‘‘पानी के भीतर सांस लेने के लिए वह कमल के खोखले तने का इस्तेमाल करता रहा।’’

उन्होंने बताया कि आरपीएफ ने आरोपी की तलाश के लिए स्थानीय पुलिस से संपर्क कर गोताखोरों को बुलाया।

उन्होंने कहा, ‘‘पांच घंटे की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया।’’

खरब ने बताया कि तालाब से बाहर आने के बाद भी आरोपी ने भागने का प्रयास किया लेकिन आरपीएफ जवानों ने उसे अपने कब्जे में ले लिया।

आरपीएफ सूत्रों ने कहा कि आरोपी 2017 में बिजनौर से पार्षद का चुनाव भी जीता था और प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसके खिलाफ मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों में 21 अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं ।

भाषा सं ब्रजेन्द्र राजकुमार

राजकुमार