Breaking News

‘बिल पास होना संभव ही नहीं था’, 131वां संविधान संशोधन बिल गिरने पर बोलीं प्रियंका गांधी     |   सैन्य जहाजों को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने की अनुमति नहीं होगी: ईरानी अधिकारी     |   लखनऊ: दोहरी नागरिकता मामले में राहुल गांधी पर FIR दर्ज करने के आदेश     |   अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में आज भी तेजी, 29 पैसे चढ़कर 92.85 पर पहुंचा     |   सेंसेक्स 504 अंक उछलकर 78,493 पर, निफ्टी 156 अंक चढ़कर 24,353 पर बंद हुए     |  

मुंबई कांग्रेस प्रमुख ने वर्ली में भूखंड आवंटन में घोटाले का आरोप लगाया, नीलामी रोकने की मांग की

मुंबई, आठ अप्रैल (भाषा) कांग्रेस की मुंबई इकाई की अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने बुधवार को आरोप लगाया कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने वर्ली क्षेत्र में एक प्रमुख भूखंड को “पसंदीदा बिल्डर” को पांच सितारा होटल बनाने के लिए बेहद कम कीमत पर आवंटित करने का प्रस्ताव रखा है।

गायकवाड़ ने भूखंड की नीलामी रोकने की मांग की।

कांग्रेस सांसद ने कहा, “वर्ली के इस महत्वपूर्ण भूखंड को पांच सितारा होटल के लिए आवंटित न किया जाए और नीलामी प्रक्रिया तुरंत रोकी जाए।”

उन्होंने भूमि सौदे में “करोड़ों रुपये के घोटाले” का आरोप भी लगाया।

इस मामले में फोन पर संपर्क करने पर बीएमसी के संबंधित विभाग के एक अधिकारी ने कोई जवाब नहीं दिया।

गायकवाड़ ने आरोप लगाया कि भाजपा ‘मुंबई बेच रही’ है और नगर निगम पर नियंत्रण हासिल करने के बाद से प्रमुख भूखंडों को नीलामी के लिए रखा जा रहा है।

गायकवाड़ ने आरोप लगाया कि वर्ली के प्रमुख इलाके में स्थित 5,166 वर्ग मीटर के भूखंड को 455 करोड़ रुपये में “पसंदीदा बिल्डर” को देने का प्रस्ताव है। उन्होंने इसे कम कीमत पर किया जा रहा सौदा करार दिया।

उन्होंने नगर आयुक्त और महापौर को लिखे पत्र में कहा कि यह भूखंड “औने-पौने दाम” पर दिया जा रहा है, जिससे नगर निगम को करोड़ों रुपये का नुकसान होगा और बिल्डरों व सत्ताधारी लोगों को फायदा पहुंचेगा।

भाषा

राखी पवनेश

पवनेश