Breaking News

‘बिल पास होना संभव ही नहीं था’, 131वां संविधान संशोधन बिल गिरने पर बोलीं प्रियंका गांधी     |   सैन्य जहाजों को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने की अनुमति नहीं होगी: ईरानी अधिकारी     |   लखनऊ: दोहरी नागरिकता मामले में राहुल गांधी पर FIR दर्ज करने के आदेश     |   अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में आज भी तेजी, 29 पैसे चढ़कर 92.85 पर पहुंचा     |   सेंसेक्स 504 अंक उछलकर 78,493 पर, निफ्टी 156 अंक चढ़कर 24,353 पर बंद हुए     |  

भाजपा ने शीर्ष अदालत के आदेश के बाद अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग ठुकराई

ईटानगर, आठ अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की अरुणाचल इकाई ने बुधवार को मुख्यमंत्री पेमा खांडू के इस्तीफे की कांग्रेस की मांग को खारिज करते हुए कहा कि यह जल्दबाजी भरा कदम होगा तथा किसी भी स्थापित कानूनी सिद्धांत पर आधारित नहीं होगा।

उच्चतम न्यायालय ने मुख्यमंत्री के परिवार के सदस्यों को ठेके दिए जाने के आरोपों की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा प्रारंभिक जांच कराये जाने का आदेश दिया है जिसके बाद कांग्रेस ने यह मांग उठाई।

सत्तारूढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष कालिंग मोयोंग ने कहा कि अदालत का निर्देश उचित न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा है । उन्होंने कहा कि जवाबदेही का निर्धारण स्थापित कानूनी प्रक्रियाओं के माध्यम से ही होना चाहिए।

मोयोंग ने एक बयान में कहा, ‘‘स्थापित निष्कर्षों के अभाव में किसी भी जनसेवक को दोषी नहीं ठहराया जा सकता।’’

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जांच का जिम्मा संभाल रही एजेंसी को पूरा सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

भाजपा नेता ने कानूनी प्रक्रिया पूरी होने से पहले किसी भी तरह के निष्कर्ष निकालने या किसी को दोषी ठहराने से भी आगाह किया। उनका कहना है कि इससे संस्थागत अखंडता को ठेस पहुंच सकती है।

भाजपा ने खांडू के नेतृत्व का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने संविधान और कानून के अनुसार लगातार अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया है।

कांग्रेस ने मांग की है कि मुख्यमंत्री नैतिक आधार पर इस्तीफा दें ताकि इस मामले की निष्पक्ष, तटस्थ और पारदर्शी जांच का मार्ग प्रशस्त हो सके।

भाषा राजकुमार माधव

माधव