नयी दिल्ली, आठ अप्रैल (भाषा) ‘भाषा’ की विभिन्न फाइल से बुधवार को शाम छह बजे तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार हैं:
वि28 ईरान दूसरी लीड अमेरिका
अमेरिका, इजराइल और ईरान दो सप्ताह के युद्धविराम पर सहमत
दुबई: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरानी सभ्यता को मिटा देने की धमकियों से अंतिम समय में पीछे हटने के बाद ईरान, अमेरिका और इजराइल दो सप्ताह के युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं।
दि43 निर्वाचन आयोग टीएमसी लीड बैठक
तनावपूर्ण माहौल में खत्म हुई निर्वाचन आयोग-टीएमसी की बैठक, दोनों पक्षों ने लगाए एक-दूसरे पर आरोप
नयी दिल्ली: तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के एक प्रतिनिधिमंडल और भारत निर्वाचन आयोग की पूर्ण पीठ के बीच बुधवार को हुई बैठक तनावपूर्ण माहौल में समाप्त हुई।
दि28 प.एशिया भारत प्रतिक्रिया
पश्चिम एशिया संघर्ष: भारत ने ईरान और अमेरिका के बीच युद्धविराम का स्वागत किया
नयी दिल्ली: भारत ने अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह के युद्धविराम का बुधवार को स्वागत किया और पश्चिम एशिया में स्थायी शांति सुनिश्चित करने के लिए ‘‘तनाव कम करने, संवाद और कूटनीति’’ का आह्वान किया।
दि8 मोहसिना लीड निधन
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता मोहसिना किदवई का निधन, खरगे और राहुल ने दुख जताया
नयी दिल्ली: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई का बुधवार को 94 वर्ष की आयु में निधन हो गया।
प्रादे92 बंगाल चुनाव ममता दूसरी लीड रैली
हम मतदाता सूची से नाम हटाने के खिलाफ फिर से अदालत जाएंगे: ममता
कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मतदाता सूची से नाम हटाने को लेकर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और निर्वाचन आयोग पर निशाना साधा एवं कहा कि उनकी पार्टी मतदाता सूची से मतदाताओं के नाम हटाने के खिलाफ फिर से अदालत का रुख करेगी।
प्रादे47 असम चुनाव खरगे आरएसएस
असम: चुनावी रैली में ‘अपमानजनक’ टिप्पणी को लेकर आरएसएस ने खरगे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई
गुवाहाटी: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा असम में एक चुनावी रैली के दौरान संगठन और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तुलना ‘जहरीले सांप’ से करने को लेकर उनके खिलाफ राज्य के दो थानों में शिकायत दर्ज कराई है।
दि45 मंत्रिमंडल जयपुर मेट्रो
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने जयपुर मेट्रो परियोजना के दूसरे चरण को मंजूरी दी
नयी दिल्ली: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने जयपुर मेट्रो परियोजना के दूसरे चरण को बुधवार को मंजूरी दे दी। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यह जानकारी दी।
वि32 चीन अफगान-पाक वार्ता
चीन की मध्यस्थता से हुई पाक-अफगान वार्ता बिना किसी समझौते के समाप्त हुई
बीजिंग: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच लड़ाई खत्म करने के लिए चीन की मध्यस्थता में एक सप्ताह तक चली वार्ता बिना किसी समझौते के समाप्त हो गई। हालांकि, चीन का कहना है कि दोनों देश अपने मतभेदों को सुलझाने के लिए एक ‘‘व्यापक समाधान’’ तलाशने पर सहमत हुए हैं।
अर्थ27 लीड आरबीआई
आरबीआई ने रेपो दर को यथावत रखा, 2026-27 में वृद्धि दर 6.9 प्रतिशत रहने का अनुमान
मुंबई: भारतीय रिजर्व बैंक ने वैश्विक स्तर पर जारी अनिश्चितता के बीच महंगाई बढ़ने के जोखिम को देखते हुए बुधवार को नीतिगत दर रेपो को उम्मीद के मुताबिक 5.25 प्रतिशत पर बरकरार रखा। आरबीआई ने इसके साथ सतर्कता बरतते हुए ‘देखो और इंतजार करो’ की नीति का रुख अपनाया है।
अर्थ74 लीड शेयर
अमेरिका-ईरान युद्धविराम, कच्चे तेल में नरमी से सेंसेक्स 2,946 अंक चढ़ा
मुंबई: स्थानीय शेयर बाजारों में बुधवार को जोरदार तेजी आई और बीएसई सेंसेक्स 2,946 अंक चढ़ गया, जबकि एनएसई निफ्टी 24,000 अंक के करीब पहुंच गया। पश्चिम एशिया में दो सप्ताह के युद्ध विराम की घोषणा से वैश्विक बाजारों में तेजी और कच्चे तेल के दाम में नरमी से घरेलू बाजार पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा।
खेल16 खेल टेनिस बीजेकेसी दूसरी लीड भारत
वैष्णवी ने सीध सेट में जीत दर्ज की, भारत को न्यूजीलैंड पर 1-0 की बढ़त दिलाई
नयी दिल्ली: युवा वैष्णवी अडकर ने वापसी करते हुए बुधवार को यहां बिली जीन किंग कप (बीजेकेसी) टेनिस टूर्नामेंट के एशिया-ओशियाना ग्रुप एक मुकाबले के पहले एकल मैच में आइशी दास को सीधे सेट में 6-2, 6-4 से हराकर भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ 1-0 की बढ़त दिलाई।
खेल11 खेल टेनिस बीजेकेसी लीड भारत
युगल में जीत के बावजूद थाईलैंड से 1-2 से हारा भारत
नयी दिल्ली: रुतुजा भोसले और अंकिता रैना की युगल मुकाबले में जीत के बावजूद भारत बुधवार को यहां सहजा यमलापल्ली की तीन सेट तक चले मुकाबले में पैचरिन चीपचंदेज से पराजय के कारण बारिश से प्रभावित बिली जीन किंग कप (बीजेकेसी) टेनिस टूर्नामेंट के एशिया-ओशिनिया ग्रुप एक के पहले मुकाबले में थाईलैंड से 1-2 से हार गया।
‘द कन्वरसेशन’ से अनुबंध के तहत जारी खबर:
वि19 आर्टेमिस-दो चालक दल
मिशन आर्टेमिस-दो : चांद के अवलोकन और फोटोग्राफी के लिए कैसे तैयार हुआ दल
लंदन: मिशन आर्टेमिस-दो के दल ने अब तक का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। पृथ्वी से सबसे अधिक दूरी तक मानव की यात्रा का यह रिकॉर्ड पहले अपोलो-13 के नाम था। मिशन आर्टेमिस-दो के दल ने चंद्रमा के दूरस्थ हिस्से का चक्कर (फ्लाईबाय) भी पूरा किया और चंद्रमा की सतह की शानदार तस्वीरें भेजीं।
भाषा
देवेंद्र राजकुमार
राजकुमार