Breaking News

मुख्यमंत्री आवास एक अणे मार्ग से 7 सर्कुलर आवास में शिफ्ट हो रहा है नीतीश कुमार का सामान     |   'बंगाल में इस बार खेला होगा, भय मुक्त सरकार से दिलाएंगे छुटकारा', बर्धमान की रैली में बोले PM मोदी     |   ईरान-अमेरिका की शांति वार्ता 2 दिन से ज्यादा समय तक चल सकती है     |   कोलकाता: शिक्षक भर्ती घोटाले में पूर्व टीएमसी मंत्री पार्थ चट्टोपाध्याय के घर पर ED का छापा     |   कर्नाटक में कैबिनेट बर्थ को लेकर खींचतान, कांग्रेस के 35 विधायक रविवार को दिल्ली पहुंचेंगे     |  

सहजा को पैचरिन ने हराया, बीजेकेसी में थाईलैंड से हारा भारत

नयी दिल्ली, आठ अप्रैल (भाषा) सहजा यमलापल्ली की तीन सेट तक चले मुकाबले में पैचरिन चीपचंदेज से शिकस्त के कारण भारत बुधवार को यहां बारिश से प्रभावित बिली जीन किंग कप (बीजेकेसी) टेनिस टूर्नामेंट के एशिया-ओशिनिया ग्रुप एक के पहले मुकाबले में थाईलैंड से हार गया।

विश्व रैंकिंग में 384वें स्थान पर काबिज सहजा पर बहुत कुछ निर्भर था। यह मैच बारिश के कारण मंगलवार को बीच में रोकना पड़ा था।

भारत पहला एकल मुकाबले हारने के कारण सहजा से वापसी करने की उम्मीद कर रहा था लेकिन यह 25 वर्षीय खिलाड़ी उसे मुकाबले में बनाए रखने में नाकाम रही। वह विश्व रैंकिंग में 449वें नंबर पर काबिज पैचरिन से 4-6, 6-1, 4-6 से हार गई। यह मैच दो घंटे 25 मिनट तक चला।

सहजा ने निर्णायक सेट में 3-4 के स्कोर पर खेल फिर से शुरू करते हुए फोरहैंड शॉट बाहर मार दिया और पैचरिन ने अपनी सर्विस बरकरार रखते हुए 5-3 की बढ़त बना ली।

इसके बाद भारतीय खिलाड़ी ने अपनी सर्विस बरकरार रखी जब पैचरिन का बैकहैंड स्लाइस शॉट नेट पर जा लगा। इससे स्कोर का अंतर 4-5 हो गया।

मैच बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया था। सहजा ने कुछ बेहतरीन ग्राउंडस्ट्रोक लगाए और बेसलाइन पर दबदबा कायम रखा। यहां तक ​​कि थाई खिलाड़ी के शॉट बाहर जाने के कारण उन्होंने ब्रेक प्वाइंट भी हासिल कर लिया था।

लेकिन निर्णायक मौके पर उनसे गलती हो गई और उन्होंने अपने शॉट बाहर मार दिए। सहजा ने इसके बाद रिटर्न शॉट खेलने में गलती की जिससे थाईलैंड की खिलाड़ी जीत हासिल करने में सफल रही।

इससे पहले मंगलवार को वैष्णवी अडकर को औंचिसा चांता से 1-6, 3-6 से हार का सामना करना पड़ा था। इस तरह से युगल मुकाबला अब औपचारिक रह गया है जिसमें रुतुजा भोसले और अंकिता रैना का सामना थासापोर्न नाकलो और पेंगटार्न प्लिप्यूच से होगा।

भारत अपना दूसरा मैच दिन में बाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलेगा।

भाषा

पंत आनन्द

आनन्द