Breaking News

मुंबई: मशहूर गायिका आशा भोसले का ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन     |   BJP ने अपने सांसदों के लिए 'थ्री-लाइन व्हिप' जारी किया, 16-18 अप्रैल तक सदन में उपस्थित रहने का निर्देश     |   नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने संसद के प्रस्तावित विशेष सत्र को लेकर PM मोदी को लिखा पत्र     |   PM मोदी ने सभी संसदीय दल के नेताओं को पत्र लिखकर महिला आरक्षण पर समर्थन मांगा     |   आज बंगाल में तीन चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे सीएम योगी     |  

आईजीआई हवाई अड्डे पर विमान के शौचालय से दो करोड़ रुपये मूल्य का गांजा जब्त

नयी दिल्ली, सात अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने बैंकॉक-दिल्ली उड़ान के शौचालय से दो किलोग्राम से अधिक ‘संदिग्ध’ गांजा जब्त किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि यह बरामदगी पांच अप्रैल को हुई।

इसमें कहा गया है कि निगरानी के आधार पर कार्रवाई करते हुए, भारतीय सीमा शुल्क की विशेष शाखा, वायु खुफिया इकाई के अधिकारियों ने बैंकॉक से आने वाली उड़ान पर नजर रखी।

बयान में कहा गया है कि निगरानी के दौरान विमान के शौचालय के कूड़ेदान से धूसर (ग्रे) रंग के टेप में लपेटे गए तीन पैकेट बरामद किए गए।

पैकेटों की एक्स-रे से जांच की गई, जिससे संदिग्ध सामग्री का संकेत मिला।

इसमें कहा गया है, ‘‘जांच करने पर पैकेटों में हरे रंग का पत्तीनुमा पदार्थ पाया गया, जिसके गांजा होने का संदेह है।’’

बयान के अनुसार, संदिग्ध मादक पदार्थ को स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत जब्त कर लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए प्रतिबंधित पदार्थ का कुल वजन लगभग 2.01 किलोग्राम था और ‘‘इसका अनुमानित मूल्य लगभग 2.01 करोड़ रुपये’’ है।

भाषा नोमान नोमान सुरेश

सुरेश