कोट्टायम, सात अप्रैल (भाषा) केरल के कोट्टायम जिले में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) कार्यालय परिसर में मंगलवार को एक किसान मृत मिला जिसका शव फंदे से लटका हुआ था। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना वैकोम के पास थलायाजम में हुई और मृतक की पहचान स्थानीय किसान चेल्लप्पन पुलिककेशरी के रूप में हुई।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, 'वह एक किसान था और कथित तौर पर स्थानीय जन कार्यकर्ता भी था। जांच प्रक्रिया चल रही है। हमें अन्य विवरणों की पुष्टि करनी होगी।'
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, उसने पहले भी कृषि संबंधी गतिविधियों के सिलसिले में कुछ स्थानीय भाकपा नेताओं पर आरोप लगाए थे।
पार्टी कार्यालय में किसान का शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने कुछ देर तक विरोध प्रदर्शन किया।
एक व्यक्ति ने खुद को भाकपा का पूर्व कार्यकर्ता बताया और मीडिया से कहा कि किसान का पार्टी के कुछ स्थानीय नेताओं के साथ लंबे समय से मतभेद था।
उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार अनुरोध करने के बावजूद इन लोगों ने उनकी कृषि गतिविधियों में कोई सहायता नहीं दी।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिककेशरी की पौधशाला—जो किसान की आजीविका का मुख्य स्रोत है—को कुछ समय पहले कुछ भाकपा कार्यकर्ताओं ने तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया था। हालांकि शुरू में इस काम के लिए असामाजिक तत्वों पर दोषारोपण किया गया था।
स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि किसान ने हाल ही में सोशल मीडिया पर कुछ भाकपा नेताओं की आलोचना करते हुए पोस्ट लिखी थी।
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने वाम लोकतान्त्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार पर किसानों की उपेक्षा करने और उन्हें संकट में धकेलने का आरोप लगाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में धान की खरीद व्यवस्था ठप हो गई है और किसानों को खरीदे गए धान का भुगतान नहीं किया जा रहा है।
उन्होंने पूछा, 'राज्य सरकार किसानों के प्रति किस तरह की उदासीनता दिखा रही है?'
पुलिस ने बताया कि मौत के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है।
भाषा तान्या माधव
माधव