Breaking News

मुंबई: मशहूर गायिका आशा भोसले का ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन     |   BJP ने अपने सांसदों के लिए 'थ्री-लाइन व्हिप' जारी किया, 16-18 अप्रैल तक सदन में उपस्थित रहने का निर्देश     |   नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने संसद के प्रस्तावित विशेष सत्र को लेकर PM मोदी को लिखा पत्र     |   PM मोदी ने सभी संसदीय दल के नेताओं को पत्र लिखकर महिला आरक्षण पर समर्थन मांगा     |   आज बंगाल में तीन चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे सीएम योगी     |  

समाचार चैनलों के लिए टीआरपी रिपोर्टिंग पर रोक चार सप्ताह बढ़ाई गई

नयी दिल्ली, सात अप्रैल (भाषा) सरकार ने टीवी समाचार चैनलों के लिए टेलीविज़न रेटिंग प्वाइंट्स (टीआरपी) की खबरें प्रकाशित प्रसारित करने पर रोक के अपने आदेश को चार हफ़्ते के लिए बढ़ा दिया है। इसका मकसद पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच ‘‘सनसनीखेज और अटकल वाली सामग्री की प्रस्तुति पर रोक लगाना’’ है।

सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने गत छह मार्च को टेलीविज़न रेटिंग एजेंसी ‘ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल’ (बार्क) को पहला निर्देश जारी किया था कि वह टीवी समाचार चैनलों के लिए टीआरपी की रिपोर्टिंग तुरंत चार हफ़्ते के लिए या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, रोक दे।

मंत्रालय के नए आदेश में कहा गया है, ‘‘इस निर्देश का उद्देश्य पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच कुछ समाचार चैनल द्वारा बेवजह सनसनीखेज और अटकल वाली सामग्री के प्रदर्शन पर रोक लगाना है, जिससे आम जनता, खासकर उन लोगों में घबराहट पैदा हो सकती है जिनके दोस्त और परिजन प्रभावित इलाकों में हैं या जो प्रभावित इलाकों में रहते हैं।’’

आदेश में कहा गया कि साथ ही, ‘‘अब भी संघर्ष की स्थिति काफी हद तक बनी हुई है।’’

मंत्रालय ने कहा कि जनहित में वह मैसर्स बार्क को निर्देश देता है कि वह टीवी समाचार चैनलों की टीआरपी की रिपोर्टिंग अगले चार हफ़्तों तक या अगले निर्देशों तक, जो भी पहले हो, रोक दे।

मंत्रालय द्वारा 16 जनवरी, 2014 को टेलीविज़न रेटिंग के लिए जारी ‘भारत में टेलीविजन रेटिंग एजेंसियों के लिए नीति दिशानिर्देश’ के अनुसार, बार्क एक पंजीकृत टेलीविज़न रेटिंग एजेंसी है।

भाषा वैभव माधव

माधव