Breaking News

बिहार सीएम नीतीश कुमार ने 14 अप्रैल को बुलाई कैबिनेट की बैठक     |   कर्नाटक कांग्रेस के करीब 30 विधायक दिल्ली के लिए रवाना     |   पश्चिम बंगाल: नेताजी के प्रपौत्र चंद्र कुमार बोस ने टीएमसी जॉइन की, बीजेपी से इस्तीफा     |   बिहार में नए सीएम बनाने की कवायद तेज, शिवराज सिंह चौहान ऑब्जर्वर बनाए गए     |   मुंबई: मशहूर गायिका आशा भोसले का ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन     |  

गुरुग्राम : ‘केयरटेकर’ ने फार्महाउस मालिक की गला रेतकर हत्या की

गुरुग्राम, सात अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी से सटे हरियाणा के गुरुग्राम स्थित एक फार्महाउस के 35 वर्षीय मालिक की हंसिया से गला रेतकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी फार्महाउस का केयरटेकर था और उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के हीरापुर खुर्द निवासी खेमचंद (65) के रूप में की है।

उन्होंने बताया कि सोहना पुलिस की अपराध इकाई ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के बाद यह कार्रवाई की।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘पूछताछ के दौरान, आरोपी ने खुलासा किया कि फार्महाउस मालिक राहुल कुमार उससे मार-पीट करता था। बदले की भावना से उसने पांच अप्रैल की रात को राहुल की गर्दन पर हंसिया से बार-बार वार किया। हत्या के बाद वह दिल्ली भाग गया।’’

पुलिस ने बताया कि राहुल घाटा गांव का निवासी था और सोहना क्षेत्र के हरचंदपुर गांव के पास उसका फार्महाउस था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी डेढ़ साल पहले एक झगड़े के बाद फार्महाउस छोड़कर चला गया था और लगभग दो महीने पहले वापस आया था।

राहुल के परिवार के सदस्यों ने बताया कि वह रविवार को फार्महाउस गया था लेकिन वापस नहीं लौटा।

पुलिस ने बताया कि सोमवार रात जब परिवार के सदस्य तलाश करते हुए फार्महाउस पहुंचे, तो उन्होंने राहुल का शव खून से लथपथ पाया। उसने बताया कि परिवार ने लापता केयरटेकर पर अपना शक जताया था।

गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता ने बताया, ‘‘आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और हम उससे पूछताछ कर रहे हैं।’’

भाषा धीरज अविनाश

अविनाश