पाथरकांडी (असम), सात अप्रैल (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में ‘परिवर्तन’ निश्चित है और इस राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सत्ता में आते ही सभी घुसपैठियों को उनके देशों में वापस भेज दिया जाएगा।
शाह ने यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए यह भी दावा किया कि कांग्रेस ने असम की बराक घाटी में अवैध प्रवासियों को शरण दी, जिससे उन्होंने श्रीभूमि, सिलचर और कछार जिलों में अपना ‘‘दबदबा’’ बना लिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) का विरोध इसलिए करती है क्योंकि उसे पता है कि यह कानून सुनिश्चित करेगा कि राज्य में कोई घुसपैठिया न रहे।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘बांग्लादेश से सताए गए हिंदू इस कानून के दायरे में आते हैं...कांग्रेस इसका विरोध करती है, लेकिन पार्टी मुस्लिम घुसपैठियों के स्वागत के लिए रेड कार्पेट बिछाती है।’’
शाह ने कहा कि भारत कोई धर्मशाला नहीं है और देश में ‘‘घुसपैठियों के लिए कोई जगह नहीं है’’।
गृह मंत्री ने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल में ‘परिवर्तन’ तय है। जैसे ही भाजपा राज्य में सत्ता में आएगी, असम, त्रिपुरा और बंगाल से सभी घुसपैठियों को उनके देशों में वापस भेज दिया जाएगा।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ‘‘घुसपैठियों की मदद से सत्ता में आना चाहती है, लेकिन राहुल बाबा को समझ लेना चाहिए कि उनकी तीन पीढ़ियां भी असम को घुसपैठियों की भूमि नहीं बना सकतीं।’’
हैलाकांडी में एक अन्य रैली को संबोधित करते हुए शाह ने दावा किया कि कांग्रेस ने असम में मुस्लिम छात्रों के लिए 700 मदरसे बनाए, लेकिन भाजपा ने उनमें से 402 को प्राथमिक विद्यालयों में बदल दिया ताकि उन्हें भी आधुनिक शिक्षा मिल सके।
केंद्रीय गृह मंत्री ने आरोप लगाया कि जब से राहुल गांधी पार्टी में सबसे आगे आए हैं, कांग्रेस के नेतागण ‘‘सार्वजनिक जीवन में बहुत नीचे गिर गए हैं’’।
उन्होंने दावा किया, ‘‘कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान से यह बात साबित हो गई है। उन्होंने दावा किया कि केरल के मतदाताओं की तुलना में गुजराती निरक्षर हैं।’’
शाह ने खरगे पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भाजपा को सांप कहने का आरोप लगाया।
उन्होंने कांग्रेस पर दिल्ली में एआई समिट में प्रदर्शन करके देश को अपमानित करने का आरोप भी लगाया।
शाह ने कहा, ‘‘राहुल गांधी अपने प्रदर्शनकारियों को बब्बर शेर कहते हैं जो दिखाता है कि कांग्रेस निचले स्तर पर गिर गई है।’’
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने असमिया और बांग्ला दोनों भाषाओं को शास्त्रीय भाषा का दर्जा दिया है।
शाह ने दावा किया कि भाजपा ने बराक घाटी के विकास के लिए कई परियोजनाएं शुरू की हैं, जिनमें सिलचर-गुवाहाटी एक्सप्रेसवे, सिलचर में एक राज्य सचिवालय और श्रीभूमि में एम्स का एक केंद्र शामिल हैं।
शाह ने कहा कि बराक घाटी के तीन जिलों के विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं ने हमेशा भाजपा का साथ दिया है, लेकिन “इस बार उन्हें यह पक्का करना होगा कि भाजपा और उसके गठबंधन के साथी सभी 13 विधानसभा क्षेत्रों में जीतें।”
शाह ने कहा कि भाजपा असम में ‘जाति’, ‘माटी’ (भूमि) और ‘भेटी’ (आधार) की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
शाह ने दावा किया कि भाजपा ने करीमगंज का नाम बदलकर श्रीभूमि कर दिया, लेकिन ‘‘जिनकी जड़ें इटली में हैं, वे नाम परिवर्तन के महत्व को कैसे समझेंगे?’’
यह टिप्पणी उन्होंने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के संदर्भ में की।
भाषा वैभव अविनाश
अविनाश
अविनाश