Breaking News

बिहार सीएम नीतीश कुमार ने 14 अप्रैल को बुलाई कैबिनेट की बैठक     |   कर्नाटक कांग्रेस के करीब 30 विधायक दिल्ली के लिए रवाना     |   पश्चिम बंगाल: नेताजी के प्रपौत्र चंद्र कुमार बोस ने टीएमसी जॉइन की, बीजेपी से इस्तीफा     |   बिहार में नए सीएम बनाने की कवायद तेज, शिवराज सिंह चौहान ऑब्जर्वर बनाए गए     |   मुंबई: मशहूर गायिका आशा भोसले का ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन     |  

जनभावनाओं का सम्मान करते हुए बारामती से उम्मीदवार वापस ले कांग्रेस : फडणवीस

(फाइल फोटो सहित)

ठाणे, सात अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को उम्मीद जताई कि कांग्रेस ‘‘जनभावना’’ का सम्मान करेगी और उपमुख्यमंत्री एवं राकांपा अध्यक्ष सुनेत्रा पवार के खिलाफ अपने उम्मीदवार को वापस लेकर बारामती विधानसभा क्षेत्र में निर्विरोध चुनाव सुनिश्चित करेगी।

विमान दुर्घटना में 28 जनवरी को सुनेत्रा के पति और तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मृत्यु के बाद यह सीट रिक्त हो गई थी। मतदान 23 अप्रैल को निर्धारित है और मतगणना चार मई को होगी।

मीरा-भायंदर में मेट्रो लाइन नौ कॉरिडोर के पहले चरण का उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए, फडणवीस ने कहा कि दुखद परिस्थितियों को देखते हुए बारामती के लोग एक सर्वसम्मत उम्मीदवार चाहते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जनभावना सुनेत्रा पवार के साथ है। मुझे उम्मीद है कि कांग्रेस जनता की भावनाओं का सम्मान करेगी। लोग चाहते हैं कि सुनेत्रा जी बिना किसी विरोध के निर्वाचित हों।’’

फडणवीस ने कहा कि अगर कांग्रेस चुनाव मैदान से हटती है, तो इसका मतलब अजित पवार की स्मृति का सम्मान करना होगा।

उनकी यह अपील कांग्रेस उम्मीदवार आकाश मोरे द्वारा निर्विरोध निर्वाचन के आह्वान को नजरअंदाज करते हुए सुनेत्रा पवार के खिलाफ नामांकन पत्र दाखिल करने के एक दिन बाद आई है।

चुनाव से नाम वापस लेने की अंतिम तिथि नौ अप्रैल है।

विपक्षी दल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने दिवंगत उपमुख्यमंत्री की स्मृति में सम्मान के तौर पर उम्मीदवार नहीं उतारे हैं।

कांग्रेस का कहना है कि अगर अजित पवार से जुड़े विमान हादसे में प्राथमिकी दर्ज की जाती है, तो वह चुनाव मैदान से हटने पर विचार करेगी।

भाषा आशीष दिलीप

दिलीप