Breaking News

बिहार सीएम नीतीश कुमार ने 14 अप्रैल को बुलाई कैबिनेट की बैठक     |   कर्नाटक कांग्रेस के करीब 30 विधायक दिल्ली के लिए रवाना     |   पश्चिम बंगाल: नेताजी के प्रपौत्र चंद्र कुमार बोस ने टीएमसी जॉइन की, बीजेपी से इस्तीफा     |   बिहार में नए सीएम बनाने की कवायद तेज, शिवराज सिंह चौहान ऑब्जर्वर बनाए गए     |   मुंबई: मशहूर गायिका आशा भोसले का ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन     |  

विदेश सचिव विक्रम मिसरी द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा के लिए अमेरिका की तीन दिवसीय यात्रा पर जाएंगे

नयी दिल्ली, सात अप्रैल (भाषा) विदेश सचिव विक्रम मिसरी बुधवार से वाशिंगटन डीसी की तीन दिवसीय यात्रा पर जाएंगे, जहां वह द्विपक्षीय व्यापार और रक्षा संबंधों की समीक्षा करेंगे तथा पश्चिम एशिया में बढ़ते संकट पर चर्चा करेंगे।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि मिसरी की आठ से 10 अप्रैल तक की यह यात्रा भारत-अमेरिका द्विपक्षीय सहयोग के व्यापक पहलुओं की समीक्षा करने और प्रमुख क्षेत्रों में जारी सहयोग को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करेगी।

यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब दोनों पक्ष अनिश्चितता और तनाव के दौर के बाद संबंधों को स्थिर करने के लिए काम कर रहे हैं। अमेरिका द्वारा भारत पर दंडात्मक शुल्क लगाए जाने और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा पिछले साल मई में भारत-पाकिस्तान सैन्य झड़पों को कम करने में अपनी भूमिका को लेकर विवादास्पद दावे किए जाने के बाद द्विपक्षीय संबंधों में बड़ी गिरावट आई थी।

बताया जा रहा है कि मिसरी की इस यात्रा के दौरान दोनों पक्ष प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श कर सकते हैं।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘यह यात्रा भारत-अमेरिका द्विपक्षीय संबंधों के व्यापक पहलुओं की समीक्षा करने और प्रमुख क्षेत्रों में जारी सहयोग को आगे बढ़ाने का अवसर देगी।’’

विदेश मंत्रालय ने बताया कि विदेश सचिव अमेरिकी प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ व्यापार, रक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सहित कई मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा वह, क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रम पर भी बातचीत करेंगे जो दोनों देशों के लिए महत्वपूर्ण है।

मंत्रालय ने बताया, ‘‘यह यात्रा फरवरी में विदेश मंत्री की वाशिंगटन यात्रा के बाद हो रही है और दोनों देशों के बीच नियमित उच्च-स्तरीय वार्ता की परंपरा के अनुरूप है।’’

भाषा

गोला मनीषा

मनीषा