Breaking News

बिहार सीएम नीतीश कुमार ने 14 अप्रैल को बुलाई कैबिनेट की बैठक     |   कर्नाटक कांग्रेस के करीब 30 विधायक दिल्ली के लिए रवाना     |   पश्चिम बंगाल: नेताजी के प्रपौत्र चंद्र कुमार बोस ने टीएमसी जॉइन की, बीजेपी से इस्तीफा     |   बिहार में नए सीएम बनाने की कवायद तेज, शिवराज सिंह चौहान ऑब्जर्वर बनाए गए     |   मुंबई: मशहूर गायिका आशा भोसले का ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन     |  

मतदान जागरूकता अभियान: केरल के निर्वाचन अधिकारी का नृत्य का वीडियो वायरल

तिरुवनंतपुरम, सात अप्रैल (भाषा) केरल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी रतन यू केलकर का नाचते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें मतदान जागरूकता का संदेश दिया जा रहा है।

यह वीडियो राज्य में नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव में युवा मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से शुरू की गई एक अनूठी पहल का हिस्सा है। इस वीडियो गीत को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कोच्चि में जारी किया था।

करीब 1.33 मिनट के इस वीडियो में केलकर तिरुवनंतपुरम की जिलाधिकारी अनु कुमारी और सहायक जिलाधिकारी डॉ. शिवशक्तिवेल सहित चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अन्य अधिकारियों के साथ समुद्र तट पर नाचते हुए नजर आ रहे हैं।

निर्वाचन आयोग के एक बयान के अनुसार, निर्वाचन विभाग के अवर सचिव सरीन एसएस और बूथ स्तरीय अधिकारी सत्यभामा, अनाघा साजीकुमार, मनसा आर बी, देविका अनिल, दीपा एल, अनीश एम एस, अभिजीत और अश्विन भी इस प्रस्तुति में शामिल हैं।

वीडियो गीत के बोल हैं, “यह आपका वोट है और हमारे राज्य को आपके वोट की जरूरत है...और एक वोट भाग्य बदल सकता है।”

युवा मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने के लिए शुरू की गयी कई पहलों में पहली बार मतदान करने वालों को ‘हलवा’ देना भी शामिल है।

इसके अलावा, एर्नाकुलम और तिरुवनंतपुरम में मतदान केंद्रों तक दो किलोमीटर के दायरे में ‘उबर’ की मुफ्त सवारी उपलब्ध कराई जाएगी।

सूत्रों के अनुसार, सरकारी कंपनी ‘सप्लाईको’ चुनाव के बाद 10 और 11 अप्रैल को एक रुपये प्रति किलोग्राम की दर से चावल का आटा उपलब्ध कराने पर भी विचार कर रही है।

भाषा

प्रचेता गोला

गोला