Breaking News

बिहार सीएम नीतीश कुमार ने 14 अप्रैल को बुलाई कैबिनेट की बैठक     |   कर्नाटक कांग्रेस के करीब 30 विधायक दिल्ली के लिए रवाना     |   पश्चिम बंगाल: नेताजी के प्रपौत्र चंद्र कुमार बोस ने टीएमसी जॉइन की, बीजेपी से इस्तीफा     |   बिहार में नए सीएम बनाने की कवायद तेज, शिवराज सिंह चौहान ऑब्जर्वर बनाए गए     |   मुंबई: मशहूर गायिका आशा भोसले का ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन     |  

गोवा: मिनी कूपर कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मारी, एक महिला की मौत

पणजी, सात अप्रैल (भाषा) उत्तर गोवा में तेज गति से गुजर रही लग्जरी कार (मिनी कूपर) ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे पांच सितारा होटल की 23 वर्षीय महिला कर्मचारी की मौत हो गई जबकि उसका पुरुष सहकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि कार एक कारोबारी का बेटा चला रहा था।

पुलिस ने सोमवार को डेरियस डायस (22) को इस दुर्घटना के संबंध में गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने बताया कि यह हादसा रविवार रात पणजी के पास डोना पाउला इलाके में हुआ।

अधिकारी ने कहा कि कथित तौर पर मिनी कूपर कार चला रहे डायस ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

उन्होंने यह भी बताया कि कार पर अस्थायी नंबर प्लेट लगी थी, जो किसी वाहन के क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) में पंजीकरण से पहले लगाई जाती है।

अधिकारी ने बताया कि मोटरसाइकिल पर पीछे बैठी दीक्षा परवडकर को एक निजी अस्पताल ले जाए जाने पर मृत घोषित कर दिया गया, जबकि उसके सहकर्मी डी. अरुणकुमार (26) की हालत गंभीर बनी हुई है।

उन्होंने बताया कि दोनों एक पांच सितारा होटल में कार्यरत थे और अपनी नाइट शिफ्ट पूरी करने के बाद घर लौट रहे थे। मामले की जांच जारी है।

भाषा

जोहेब संतोष

संतोष