Breaking News

बिहार सीएम नीतीश कुमार ने 14 अप्रैल को बुलाई कैबिनेट की बैठक     |   कर्नाटक कांग्रेस के करीब 30 विधायक दिल्ली के लिए रवाना     |   पश्चिम बंगाल: नेताजी के प्रपौत्र चंद्र कुमार बोस ने टीएमसी जॉइन की, बीजेपी से इस्तीफा     |   बिहार में नए सीएम बनाने की कवायद तेज, शिवराज सिंह चौहान ऑब्जर्वर बनाए गए     |   मुंबई: मशहूर गायिका आशा भोसले का ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन     |  

उप्र : झांसी में सिंचाई के दौरान करंट लगने से दो किसानों की मौत

झांसी, छह अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के बबीना इलाके में खेतों की सिंचाई करते समय बिजली का करंट लगने से दो किसानों की मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

मृतकों की पहचान मथुरापुरा गांव निवासी सरमन पाल (58) और देव सिंह (55) के रूप में हुई है। दोनों के खेत बबीना क्षेत्र में स्थित हैं।

पुलिस के अनुसार, रविवार रात दोनों किसान फसलों की सिंचाई और रखवाली के लिए खेतों पर गए थे। सुबह तक वापस न लौटने पर परिजन खेत पहुंचे तो उन्हें टूटे हुए बिजली के तारों के पास बेहोश पाया। ग्रामीणों ने उन्हें तारों से अलग कर तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

थाना प्रभारी विनय कुमार साहू ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों की मौत बिजली का करंट लगने से हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत