Breaking News

बिहार सीएम नीतीश कुमार ने 14 अप्रैल को बुलाई कैबिनेट की बैठक     |   कर्नाटक कांग्रेस के करीब 30 विधायक दिल्ली के लिए रवाना     |   पश्चिम बंगाल: नेताजी के प्रपौत्र चंद्र कुमार बोस ने टीएमसी जॉइन की, बीजेपी से इस्तीफा     |   बिहार में नए सीएम बनाने की कवायद तेज, शिवराज सिंह चौहान ऑब्जर्वर बनाए गए     |   मुंबई: मशहूर गायिका आशा भोसले का ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन     |  

उप्र : गाजियाबाद में पूर्व बीडीसी सदस्य पर जानलेवा हमला, दो गिरफ्तार

गाजियाबाद, छह अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मसूरी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पूर्व बीडीसी सदस्य को उनके आवास पर हमलावरों ने माथे पर गोली मार दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक पीड़ित की पहचान शिव कुमार जाटव (55) के रूप में हुई है, जिन्हें गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां गोली अभी भी उनके माथे में फंसी हुई है।

पुलिस के अनुसार, इस घटना से पहले रात लगभग नौ बजे जाटव के घर से संचालित किराने की दुकान के सामने कुछ लोगों के बीच तीखी बहस हुई, जिसमें अपशब्दों का भी प्रयोग हुआ। जब जाटव ने उनके व्यवहार पर आपत्ति जताई, तो विवाद और बढ़ गया।

अपर पुलिस उपायुक्त लिपि नागाइच ने बताया कि रात लगभग 11 बजे आरोपी कथित रूप से जाटव के घर में घुस गए और उन पर गोली चला दी। गोली मारने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

पीड़ित के बेटे उमेश कुमार की शिकायत पर पुलिस ने मिंटू, शुभम, कृष, राज और सोनिया (मिंटू की मां) समेत कई अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। इस मामले में दो आरोपियों शुभम और कृष को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश के लिए टीमें तैनात की गई हैं।

पुलिस ने बताया कि इस घटना के सिलसिले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत