Breaking News

बिहार सीएम नीतीश कुमार ने 14 अप्रैल को बुलाई कैबिनेट की बैठक     |   कर्नाटक कांग्रेस के करीब 30 विधायक दिल्ली के लिए रवाना     |   पश्चिम बंगाल: नेताजी के प्रपौत्र चंद्र कुमार बोस ने टीएमसी जॉइन की, बीजेपी से इस्तीफा     |   बिहार में नए सीएम बनाने की कवायद तेज, शिवराज सिंह चौहान ऑब्जर्वर बनाए गए     |   मुंबई: मशहूर गायिका आशा भोसले का ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन     |  

नांदेड़ में शिवसेना (उबाठा) कार्यकर्ता की हत्या; मुठभेड़ में घायल होने के बाद मुख्य आरोपी पकड़ा गया

छत्रपति संभाजीनगर/नांदेड़, छह अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के नांदेड़ शहर में सोमवार तड़के तीन लोगों ने शिवसेना (उबाठा) के 35 वर्षीय एक कार्यकर्ता की हत्या कर दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि हत्या के एक संदिग्ध को पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल होने के बाद पकड़ लिया गया।

अधिकारी के मुताबिक, पिछले तीन दिनों में यह नांदेड़ में किसी सार्वजनिक जगह पर हुई हत्या की पांचवीं घटना है।

अधिकारी के अनुसार, पीड़ित सोनू कल्याणकर तड़के करीब 5:30 बजे श्रीनगर इलाके में सैर पर निकला था, तभी तीन लोगों ने उस पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया।

उन्होंने बताया कि सोनू पर धारदार हथियार से 17 वार किए गए और अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस निरीक्षक संतोष तांबे ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “हत्या के सिलसिले में चार लोगों को हिरासत में लिया गया है।”

उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी अंकुश गंडमवार को बाद में जारी इलाके में हुई मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, पुलिस ने सूचना मिलते ही जाल बिछाया, लेकिन भागने की कोशिश में गंडमवार ने अपराध शाखा की टीम पर गोली चला दी।

पुलिस के अनुसार, जवाबी गोलीबारी में गंडमवार घायल हो गया, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सोनू ने हाल ही में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छोड़ दी थी और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) में शामिल हो गया था, जहां वह शहर की युवा इकाई का अध्यक्ष था। पुलिस ने बताया कि तीन साल पहले सोनू पर जानलेवा हमला हुआ था, जिसमें वह बाल-बाल बच गया था।

भाषा पारुल रंजन

रंजन