Breaking News

नेपाल में ईंधन संकट के बीच सरकार का फैसला, अब हफ्ते में दो दिन छुट्टी     |   बंगाल के कूचबिहार पहुंचे पीएम मोदी, जनसभा को कर रहे संबोधित     |   कूचबिहार में प्रधानमंत्री मोदी बोले - रैली ने बदलाव पर मुहर लगा दी, बीजेपी की होगी प्रचंड जीत     |   बंगाल में संविधान की प्रक्रिया भी सुरक्षित नहीं, अधिकारियों को बंधक बनाया गया: PM मोदी     |   चुनाव में लालच रोकने के लिए ECI का एक्शन, जब्त किए ₹650 करोड़ की नकदी-शराब     |  

माकपा ने निर्वाचन आयोग से मतदान कर्मचारियों के लिए मतदान अधिकार सुनिश्चित करने का आग्रह किया

तिरुवनंतपुरम, चार अप्रैल (भाषा) केरल में सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने शनिवार को निर्वाचन आयोग से यह सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाने का आग्रह किया कि नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव में मतदान कर्मी और चुनाव से जुड़े अन्य कर्मचारी अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

वाम दल ने डाक मतपत्र प्रणाली में खामियों और अस्पष्टता का भी आरोप लगाया।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में पार्टी की केरल इकाई के सचिव एम.वी. गोविंदन ने कहा कि पुरानी डाक मतदान व्यवस्था की जगह लागू नयी प्रणाली ‘‘जटिल और अस्पष्टताओं से भरी है।’’

माकपा ने आरोप लगाया कि मतदान अधिकारियों, चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों और आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों के लिए मतदान सुविधा सुनिश्चित करने में अधिकारियों ने ‘‘पूर्ण उदासीनता’’ दिखाई है।

इसने दावा किया कि कई स्थानों पर मतपत्र समय पर सुविधा केंद्रों तक नहीं पहुंचे, जिससे एक अप्रैल से मतदान करने आए कई कर्मचारी बिना वोट डाले लौट गए।

माकपा ने आरोप लगाया कि मौजूदा स्थिति से बड़े पैमाने पर मताधिकार से वंचित होने की आशंका है। इसने आयोग से डाक मतदान के लिए समयसीमा बढ़ाने व पर्याप्त सुविधा केंद्र स्थापित करने की मांग की।

भाषा गोला नेत्रपाल

नेत्रपाल