Breaking News

शांति वार्ता विफल होने पर ट्रंप ने ईरानी प्रशासन पर की आपत्तिजनक टिप्पणी     |   असम पुलिस की कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के घर छापेमारी, दिल्ली पुलिस की टीम कर रही है मदद     |   लखनऊ: योगी कैबिनेट की बैठक शुरू, शिक्षामित्रों के मानदेय बढ़ाने समेत कई प्रस्ताव पर होगी चर्चा     |   इजरायली सेना ने ईरान के लोगों को दी चेतावनी, कहा- ट्रेनों और रेलवे लाइनों से दूर रहने की दी सलाह     |   लखनऊ: योगी कैबिनेट की बैठक शुरू, शिक्षामित्रों के मानदेय बढ़ाने समेत कई प्रस्ताव पर होगी चर्चा     |  

उत्तराखंड : पौड़ी में तेंदुए के हमले में चार वर्षीय बालिका की मौत

पौड़ी, तीन अप्रैल (भाषा) उत्तराखंड के पौड़ी जिले के चौबट्टाखाल क्षेत्र में तेंदुए के हमले में चार वर्षीय बालिका की मौत हो गई। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार यह घटना बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे पोखड़ा क्षेत्र के भटकोट गांव में हुई। बच्ची दृष्टि रावत घर की चौखट के पास अपनी 10 वर्षीय बहन और दादी के साथ भोजन कर रही थी, तभी तेंदुआ अचानक उसे उठाकर जंगल की ओर भाग गया।

परिजनों के शोर मचाने पर ग्रामीण एकत्र हुए और बच्ची की तलाश शुरू की। बाद में घर से करीब दो किलोमीटर दूर उसका क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ।

घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए जिलाधिकारी और प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) को बुलाने की मांग की तथा शव को उठाने से रोक दिया।

शुक्रवार सुबह चौबट्टाखाल की उपजिलाधिकारी रेखा आर्य और गढ़वाल के डीएफओ महातिम यादव के मौके पर पहुंचने के बाद बालिका के शव का घर के पास ही पोस्टमार्टम कराया गया और परिजनों को सौंप दिया गया।

डीएफओ महातिम यादव ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और उन्हें नियमानुसार हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने तेंदुए की निगरानी और लोगों की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम शुरू कर दिए हैं।

तेंदुए के आतंक को देखते हुए पोखड़ा और बीरोंखाल क्षेत्रों के स्कूलों में एहतियातन अवकाश घोषित किया गया है।

खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार जोशी ने बताया कि जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देश पर चार अप्रैल और छह अप्रैल को प्रभावित क्षेत्रों के स्कूल बंद रहेंगे, ताकि छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

भाषा

सं, दीप्ति रवि कांत