चंडीगढ़, तीन अप्रैल (भाषा) हरियाणा के सोनीपत जिले के कुंडली औद्योगिक क्षेत्र में चार विनिर्माण इकाइयों में शुक्रवार तड़के भीषण आग लग गई। हालांकि, पुलिस ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
पुलिस के मुताबिक, आग एक इकाई में लगी और तेज हवा के कारण देखते ही देखते तीन अन्य इकाइयों में फैल गई।
उसने बताया कि ऐसी आशंका है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, लेकिन इसके सटीक कारण की जानकारी जांच के बाद ही मिलेगी।
पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलने पर दमकल की 17-18 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
कुंडली थाना प्रभारी सेठी मलिक ने कहा, “चारों इकाइयां आग की चपेट में आ गईं। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में कई घंटे लग गए। हालांकि, घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।”
मलिक ने बताया कि जिन इकाइयों में आग लगी, उनमें कूलर और पंखे जैसे घरेलू उपकरणों का निर्माण किया जाता है।
एक दमकल कर्मी ने बताया कि विभाग को तड़के 4:45 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद टीमें तुरंत मौके पर भेजी गईं।
उन्होंने बताया कि आग बुझाने में मदद के लिए दिल्ली, पानीपत, रोहतक और झज्जर से भी दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं।
भाषा पारुल प्रशांत
प्रशांत