Breaking News

नेपाल में ईंधन संकट के बीच सरकार का फैसला, अब हफ्ते में दो दिन छुट्टी     |   बंगाल के कूचबिहार पहुंचे पीएम मोदी, जनसभा को कर रहे संबोधित     |   कूचबिहार में प्रधानमंत्री मोदी बोले - रैली ने बदलाव पर मुहर लगा दी, बीजेपी की होगी प्रचंड जीत     |   बंगाल में संविधान की प्रक्रिया भी सुरक्षित नहीं, अधिकारियों को बंधक बनाया गया: PM मोदी     |   चुनाव में लालच रोकने के लिए ECI का एक्शन, जब्त किए ₹650 करोड़ की नकदी-शराब     |  

जम्मू कश्मीर में 18 लाख कनाल से अधिक भूमि पर अतिक्रमण: आधिकारिक आंकड़े

जम्मू, तीन अप्रैल (भाषा) जम्मू-कश्मीर में 18 लाख कनाल से अधिक भूमि पर अतिक्रमण किया गया है, जबकि अब तक अतिक्रमणकारियों से केवल 29,000 कनाल भूमि ही वापस ली जा सकी है। आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी दी गई।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, कुल 18,38,735.42 कनाल भूमि पर अतिक्रमण किया गया है, जिसमें 17,22,993 कनाल राज्य भूमि और 1,15,742.42 कनाल वन भूमि शामिल है।

आंकड़ों के अनुसार, राजस्व अभिलेखों में अतिक्रमण संबंधी प्रविष्टियों को हटा दिया गया है।

राजस्व विभाग के अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने अतिक्रमणकारियों को हटाने के लिए भूमि राजस्व अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की है। हालांकि, अधिकारियों ने इस मुद्दे को चिंता का विषय बताया और कहा कि अतिक्रमण हटाने के अभियान जारी हैं, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि अब तक कोई निश्चित समयसीमा तय नहीं की गई है।

आंकड़ों के अनुसार, जम्मू जिले में 1,45,487 कनाल और छह मरला अतिक्रमित सरकारी भूमि है, जबकि राजौरी जिला 2,73,848 कनाल और 12 मरला के साथ सूची में सबसे ऊपर है, उसके बाद रियासी 2,26,857 कनाल और छह मरला के साथ दूसरे स्थान पर है।

आंकड़ों के मुताबिक, अन्य प्रमुख जिलों में रामबन (1,73,832 कनाल), कठुआ (1,30,403 कनाल), उधमपुर (1,19,822 कनाल) और पुंछ (1,11,133 कनाल) शामिल हैं।

जम्मू कश्मीर में भूमि को परंपरागत रूप से ‘कनाल’ और ‘मरला’ जैसी इकाइयों में मापा जाता है तथा 20 मरला का एक कनाल होता है और एक कनाल लगभग 5,445 वर्ग फुट के बराबर है जबकि एक मरला लगभग 272.25 वर्ग फुट होता है (हालांकि स्थानीय स्तर पर थोड़ा बहुत अंतर हो सकता है)।

इसमें आगे कहा गया है कि कश्मीर संभाग में बांदीपोरा में 1,53,271 कनाल राज्य भूमि पर अतिक्रमण की सूचना मिली है, इसके बाद बारामूला में 53,449 कनाल और पुलवामा में 42,730 कनाल भूमि पर अतिक्रमण हुआ है।

सरकार ने कहा कि वन विभाग, वन संरक्षण बल और पुलिस अधिकारियों के समन्वय से संयुक्त रूप से बेदखली अभियान चला रहा है।

भाषा यासिर प्रशांत

प्रशांत