Breaking News

नेपाल में ईंधन संकट के बीच सरकार का फैसला, अब हफ्ते में दो दिन छुट्टी     |   बंगाल के कूचबिहार पहुंचे पीएम मोदी, जनसभा को कर रहे संबोधित     |   कूचबिहार में प्रधानमंत्री मोदी बोले - रैली ने बदलाव पर मुहर लगा दी, बीजेपी की होगी प्रचंड जीत     |   बंगाल में संविधान की प्रक्रिया भी सुरक्षित नहीं, अधिकारियों को बंधक बनाया गया: PM मोदी     |   चुनाव में लालच रोकने के लिए ECI का एक्शन, जब्त किए ₹650 करोड़ की नकदी-शराब     |  

हैदराबाद के पब में छापेमारी, आंध्र प्रदेश के आईएएस अधिकारी के बेटे समेत सात लोग पकड़े गए

हैदराबाद, तीन अप्रैल (भाषा) तेलंगाना की ‘ईगल फोर्स’ ने हैदराबाद स्थित एक ‘पब’ पर छापेमारी कर आंध्र प्रदेश के एक वरिष्ठ आईएएस (भारतीय प्रशासनिक सेवा) अधिकारी के बेटे समेत सात लोगों को मादक पदार्थों के सेवन के आरोप में पकड़ा। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

यहां जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, विश्वसनीय सूचना के आधार पर दो और तीन मार्च की दरमियानी रात ‘एलीट एक्शन ग्रुप फॉर ड्रग लॉ एनफोर्समेंट’ (ईगल) ने गचीबोवली थाने के कर्मचारियों के साथ समन्वय से कोंडापुर स्थित एक पब पर छापेमारी की और मादक पदार्थों का सेवन करने के आरोप में सात लोगों को पकड़ा।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, आंध्र प्रदेश के एक आईएएस अधिकारी के बेटे, सॉफ्टवेयर इंजीनियर और व्यापारियों सहित सात लोगों को मादक पदार्थों के सेवन के आरोप में पकड़ा गया।

पब में अंतरराष्ट्रीय डीजे ‘ब्लैक कॉफी’ के साथ एक विशेष पार्टी आयोजित किए जाने की सूचना मिलने के बाद ईगल ने छापेमारी के लिए छह टीम गठित कीं।

ईगल ने कहा कि उसने पब, होटल और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर मादक पदार्थों का अवैध उपयोग रोकने के लिए एक अभियान शुरू किया है।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि कुल सात लोगों द्वारा अवैध रूप से मादक पदार्थों का सेवन करने की पुष्टि हुई है और उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच की जा रही है।

भाषा यासिर सिम्मी

सिम्मी