अहमदाबाद, तीन अप्रैल (भाषा) कांग्रेस ने गुजरात के आणंद जिले की उमरेठ विधानसभा सीट पर 23 अप्रैल को होने वाले उपचुनाव के लिए भृगुराजसिंह चौहान को शुक्रवार को अपना उम्मीदवार घोषित किया।
उमरेठ में चौहान का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हर्षद परमार से होगा, जो गोविंद परमार के बेटे हैं, जिनका छह मार्च को निधन हो जाने के कारण इस सीट पर उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया।
दिलचस्प बात यह है कि कांग्रेस और भाजपा दोनों ने ही ऐसे उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है, जिन्होंने पहले कभी कोई विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की ओर से जारी बयान के मुताबिक, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने चौहान की उम्मीदवारी को मंजूरी दे दी है।
कांग्रेस की गुजरात इकाई के प्रवक्ता मनीष दोषी ने कहा कि चौहान (62) एक अनुभवी स्थानीय नेता हैं, लेकिन वह विधानसभा चुनाव में पहली बार किस्मत आजमा रहे हैं।
चौहान ने 2000 से 2015 के बीच लगातार तीन कार्यकाल तक उमरेठ तालुका पंचायत के अध्यक्ष के रूप में काम किया। वह वर्तमान में मध्य क्षेत्र के लिए गुजरात कांग्रेस के समन्वयक हैं।
गोविंद परमार चार बार विधायक रहे थे। उन्होंने 2022 के विधानसभा चुनावों में उमरेठ सीट पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के उम्मीदवार जयंत पटेल को 25,000 से अधिक वोटों के अंतर से हराया था।
भाषा पारुल अविनाश
अविनाश