नयी दिल्ली, तीन अप्रैल (भाषा) राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने शुक्रवार को बताया कि ऐतिहासिक शहर जयपुर के 2027 में 300 वर्ष पूरे हो जाएंगे और राजस्थान सरकार ने इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में साल भर चलने वाले समारोहों की योजना बनाई है।
उन्होंने बताया कि ये समारोह इस वर्ष के अंत से शुरू होंगे।
राजस्थान की राजधानी जयपुर की स्थापना महाराजा सवाई जय सिंह द्वितीय ने 18 नवंबर, 1727 को की थी।
कुमारी ने यहां एक कार्यक्रम से इतर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘जयपुर एक ऐतिहासिक शहर के रूप में 2027 में अपने 300 वर्ष पूरे करेगा। इस अवसर का जश्न मनाने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।’’
जब उनसे पूछा गया कि कार्यक्रम कब शुरू होंगे, तो उन्होंने कहा कि योजना इस साल नवंबर के आसपास इन्हें शुरू करने की है, जो अगले साल शहर की 300वीं वर्षगांठ तक चलेंगे।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर की त्रिशताब्दी के लिए ‘‘भव्य समारोह’’ की परिकल्पना की है।
शुक्रवार शाम को कुमारी ने यहां इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र में आयोजित ‘अयोध्या पर्व 2026’ में भाग लिया।
अपने संबोधन के दौरान उपमुख्यमंत्री कुमारी ने सुझाव दिया कि जयपुर के 300 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले समारोहों के अंतर्गत ‘अयोध्या पर्व’ का एक संस्करण जयपुर में भी आयोजित किया जा सकता है।
भाषा शफीक माधव
माधव