Breaking News

होर्मुज से निकलने वाले जहाजों से जल्द शुल्क वसूलना शुरू करेंगे- बोले ईरान के मंत्री     |   जेपी नड्डा समेत अन्य BJP नेता कई जगह कल NDA उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे     |   अर्जेंटीना ने ईरान के चार्ज डी'अफेयर्स को देश से निकाला     |   लोकसभा 16 अप्रैल तक के लिए स्थगित, स्पीकर ओम बिरला ने कहा- हम फिर बैठेंगे     |   ईरान ने खाड़ी देशों में अमेरिका से जुड़े स्टील और एल्युमीनियम प्लांट्स पर हमला किया     |  

हजारीबाग में लड़की की हत्या: कांग्रेस ने आरोपी को भाजपा से जोड़ा; पार्टी ने आरोपों का खंडन किया

रांची/हजारीबाग, दो अप्रैल (भाषा) झारखंड में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने 12 वर्षीय लड़की की हत्या के विरोध में बृहस्पतिवार को रांची और हजारीबाग में रैली निकाली। वहीं कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों में से एक का संबंध भाजपा से है।

हालांकि, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस आरोप का खंडन करते हुए इसे सत्ताधारी गठबंधन द्वारा पार्टी को बदनाम करने का एक प्रयास बताया।

हजारीबाग पुलिस ने बुधवार रात खुलासा किया कि कुसुम्भा गांव में एक बलि अनुष्ठान के तहत 12 वर्षीय लड़की की गला घोंटने के आरोप में लड़की की मां को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि उसके साथ तांत्रिक शांति देवी और भीम राम नाम के एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है।

झामुमो के प्रवक्ता मनोज पांडे ने पत्रकारों से कहा, 'बुधवार को पुलिस द्वारा सच्चाई उजागर होने पर पता चला कि भाजपा का एक नेता की इस हत्या में संलिप्तता थी।'

उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य में कानून व्यवस्था चरमरा जाने के आरोप लगाकर सरकार को बदनाम कर रही है। पांडे ने कहा, 'उन्होंने पुलिस जांच को गुमराह करने के लिए जल्दबाजी में हजारीबाग घटना को बलात्कार और हत्या का मामला बता दिया।'

झामुमो के रांची जिला संयोजक मुस्ताक आलम ने कहा, 'हम इस जघन्य हत्या की निंदा करते हैं। हालांकि, भाजपा द्वारा सड़कों पर उतरकर हंगामा करने और इसे हिंदू-मुस्लिम संघर्ष का रूप देकर सांप्रदायिक रंग देने के प्रयास की हम कड़ी आलोचना करते हैं।'

कांग्रेस प्रवक्ता सोनल शांति ने एक बयान में कहा कि ‘‘विपक्षी दल से जुड़े एक व्यक्ति की गिरफ्तारी के बाद भाजपा ने चुप्पी साध ली है।’’

झारखंड भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी गठबंधन इस मुद्दे पर पार्टी को बदनाम करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने देर शाम एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि गिरफ्तार किया गया व्यक्ति न तो बूथ अध्यक्ष था और न ही भाजपा का कोई पदाधिकारी या सदस्य।

साहू ने कहा, 'भाजपा इस अपराध के दोषियों को फांसी देने की मांग कर रही है। भाजपा के दबाव के कारण ही इस मामले में खुलासे हुए।'

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि 2019 से राज्य में 11,000 से अधिक बलात्कार की घटनाएं हुई हैं। उन्होंने राज्य सरकार को चेतावनी दी कि झारखंड में बलात्कार की कोई और घटना होने पर भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे।

साहू ने मामले की न्यायिक जांच की मांग की और 3 अप्रैल को निकाले जाने वाले मशाल जुलूस और 9 अप्रैल को होने वाले झारखंड बंद को वापस लेने की घोषणा की।

पुलिस ने दावा किया कि लड़की की गला घोंटकर हत्या तांत्रिक शांति देवी के घर में उसकी अपनी मां और भीम राम ने की थी।

पुलिस ने दावा किया कि पीड़िता की मां अपने सबसे छोटे बेटे के इलाज के लिए अक्सर अपने गांव की एक तांत्रिक के पास जाती थी, जो किसी मानसिक और शारीरिक बीमारी से पीड़ित है।

भाषा अमित

अमित