Breaking News

होर्मुज से निकलने वाले जहाजों से जल्द शुल्क वसूलना शुरू करेंगे- बोले ईरान के मंत्री     |   जेपी नड्डा समेत अन्य BJP नेता कई जगह कल NDA उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे     |   अर्जेंटीना ने ईरान के चार्ज डी'अफेयर्स को देश से निकाला     |   लोकसभा 16 अप्रैल तक के लिए स्थगित, स्पीकर ओम बिरला ने कहा- हम फिर बैठेंगे     |   ईरान ने खाड़ी देशों में अमेरिका से जुड़े स्टील और एल्युमीनियम प्लांट्स पर हमला किया     |  

बेंगलुरुः पानी की बाल्टी में डूबने से 11 माह के बेटे की मौत के बाद महिला ने आत्महत्या की

बेंगलुरु, दो अप्रैल (भाषा) बेंगलुरु स्थित घर में 11 महीने के बेटे की दुर्घटनावश पानी की बाल्टी में डूबने से हुई मौत के बाद 29 वर्षीय महिला पेशेवर ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह घटना एक अप्रैल को चंद्र लेआउट थाना क्षेत्र में घटी।

पुलिस ने बताया कि महिला द्वारा अंग्रेजी में लिखा गया एक पत्र बिस्तर के पास मिला, जिसमें उसने कहा था कि उसके बेटे की पानी में गिरकर मौत हो गई और वह उसे बचा नहीं सकी। इसके लिए उसने माफी मांगी।

अधिकारियों ने बताया कि यह मामला तब सामने आया जब महिला के पति, इंजीनियर महंतेश वली ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

उन्होंने बताया कि दंपति पिछले चार वर्षों से किराए के मकान में रह रहे थे और उनका अगस्त्य नाम का 11 महीने का एक बेटा था।

शिकायत के अनुसार, प्रतिभा वाली सिल्क बोर्ड के पास एक तकनीकी कंपनी में कार्यरत थीं और घर से काम कर रही थी।

एक अप्रैल को सुबह करीब नौ बजे महंतेश काम पर चला गया, जबकि उसकी पत्नी और बच्चा घर पर थे। शाम करीब 6:30 बजे जब वह लौटा और दरवाजा खटखटाया तो कोई जवाब नहीं मिला। उसने अपनी पत्नी को फोन किया, लेकिन उसने जवाब नहीं दिया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसके बाद उसने खिड़की के पास रखी एक अतिरिक्त चाबी निकाली और दरवाजा खोलकर घर में प्रवेश किया। कमरे में देखने पर उसने पाया कि पत्नी ने साड़ी से कथित तौर पर फांसी लगा ली थी। उसने पत्नी की बाईं कलाई पर एक 'कट' और खून के धब्बे भी देखे।

अधिकारी ने बताया कि दंपत्ति का बेटा अगस्त्य बिस्तर पर पड़ा था और जब उसने जांच की तो उसे मृत पाया।

पुलिस ने बताया कि मौके से 15 गोलियों का एक खाली पत्ता भी बरामद हुआ है और आशंका है कि महिला ने इन गोलियों का सेवन किया हो।

हालांकि, पति ने इन मौतों को लेकर संदेह व्यक्त किया है और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।

भाषा

शुभम पवनेश

पवनेश