Breaking News

जेपी नड्डा समेत अन्य BJP नेता कई जगह कल NDA उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे     |   अर्जेंटीना ने ईरान के चार्ज डी'अफेयर्स को देश से निकाला     |   लोकसभा 16 अप्रैल तक के लिए स्थगित, स्पीकर ओम बिरला ने कहा- हम फिर बैठेंगे     |   ईरान ने खाड़ी देशों में अमेरिका से जुड़े स्टील और एल्युमीनियम प्लांट्स पर हमला किया     |   'LDF और UDF के वर्षों के कुशासन ने केरलम को पीछे धकेला’, पीएम मोदी का एक्स पोस्ट     |  

ओडिशा पुलिस ने ऋषिकेश से फरार एक और विचाराधीन कैदी को गिरफ्तार किया

भुवनेश्वर, दो अप्रैल (भाषा) ओडिशा पुलिस ने बृहस्पतिवार को एक विचाराधीन कैदी को गिरफ्तार किया जो पिछले साल दुर्गा पूजा समारोह के दौरान कटक के चौद्वार सर्किल जेल से फरार हो गया था। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

ओडिशा के डीजीपी वाई बी खुरानिया ने एक बयान में कहा, 'दूसरा विचाराधीन कैदी राजा साहनी जो तीन अक्टूबर, 2025 को चौद्वार जेल से फरार हो गया था, उसे उत्तराखंड के ऋषिकेश से गिरफ्तार कर लिया गया है।'

डीजीपी ने कहा कि आगे की जांच के लिए कटक से पुलिस की एक टीम साहनी को ट्रांजिट रिमांड पर ओडिशा ला रही है।

पिछले साल दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान दो और तीन अक्टूबर की दरमियानी रात को बिहार के दो विचाराधीन कैदी मधुकांत कुमार और राजा साहनी उच्च सुरक्षा वाली जेल से फरार हो गए थे। उन्हें जाजपुर जिले में डकैती और हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इससे पहले कुमार को उत्तर प्रदेश के वृंदावन स्थित एक आश्रम से गिरफ्तार किया गया था और अब साहनी को उत्तराखंड के ऋषिकेश से पकड़ा गया है।

अधिकारी ने बताया कि जेल से भागने के बाद, दोनों कुछ दिनों के लिए पुरी भी गए थे, जहां से वे अलग हो गए। ऐसा लगता है कि लोगों की भारी भीड़ के कारण उन्होंने पवित्र स्थानों में शरण लेने का फैसला किया था।

पुलिस ने कहा कि दोनों ने अपने कपड़े बदल लिए थे और अतिथि गृहों में श्रद्धालुओं की सेवा करने वाले परिचारकों के रूप में काम करते थे। साहनी कथित तौर पर ऋषिकेश आने से पहले नेपाल भी जा चुका है।

हालांकि, पुलिस ने कहा कि विशेष टीम द्वारा लगातार की गई खोज से साहनी का पता लगाया जा सका।

भाषा तान्या नरेश

नरेश