Breaking News

जेपी नड्डा समेत अन्य BJP नेता कई जगह कल NDA उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे     |   अर्जेंटीना ने ईरान के चार्ज डी'अफेयर्स को देश से निकाला     |   लोकसभा 16 अप्रैल तक के लिए स्थगित, स्पीकर ओम बिरला ने कहा- हम फिर बैठेंगे     |   ईरान ने खाड़ी देशों में अमेरिका से जुड़े स्टील और एल्युमीनियम प्लांट्स पर हमला किया     |   'LDF और UDF के वर्षों के कुशासन ने केरलम को पीछे धकेला’, पीएम मोदी का एक्स पोस्ट     |  

राजा रवि वर्मा की पेंटिंग ‘यशोदा और कृष्ण’ 167.20 करोड़ रुपये में बिकी

नयी दिल्ली, दो अप्रैल (भाषा) प्रख्यात भारतीय चित्रकार राजा रवि वर्मा की पेंटिंग “यशोदा और कृष्ण” बुधवार को मुंबई में सैफ्रोनआर्ट की स्प्रिंग लाइव नीलामी में रिकॉर्ड 167.20 करोड़ रुपये (17,978,495 अमेरिकी डॉलर) में बिकी। इसके साथ ही यह नीलामी में बिकने वाली आधुनिक भारतीय कला की अब तक की सबसे अधिक मूल्य वाली कृति बन गई है।

इस पेंटिंग ने पिछले साल एक नीलामी में 118 करोड़ रुपये से अधिक की कीमत में बिकने वाली एमएफ हुसैन की अनाम (ग्राम यात्रा) पेंटिंग द्वारा बनाए गए पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया।

राजा रवि वर्मा की इस कृति का अनुमानित मूल्य 80-120 करोड़ रुपये था और इसे सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के प्रबंध निदेशक डॉ. साइरस एस. पूनावाला ने खरीद लिया।

पूनावाला ने एक बयान में कहा, “मुझे राजा रवि वर्मा की प्रतिष्ठित पेंटिंग ‘यशोदा और कृष्ण’ को प्राप्त करने, संरक्षित करने और उसकी देखभाल करने का अवसर पाकर गर्व महसूस हो रहा है। यह राष्ट्रीय धरोहर समय-समय पर जनता के दर्शन के लिए उपलब्ध होने योग्य है और मैं आगे चलकर इसे सुनिश्चित करने का प्रयास करूंगा।”

कलाकार के करियर के उत्कर्ष काल के दौरान 1890 के दशक में बनाई गई यह कृति पौराणिक आकृतियों के माध्यम से भगवान कृष्ण की बाल्यावस्था और उनका पालन करने वाली माता यशोदा के मातृ प्रेम की एक सूक्ष्म व्याख्या प्रस्तुत करती है।

इसे वर्मा की सबसे महत्वपूर्ण और भावपूर्ण रचनाओं में से एक माना जाता है।

भाषा

शुभम प्रशांत

प्रशांत