शिलांग/तुरा, दो अप्रैल (भाषा) मेघालय के पश्चिम गारो हिल्स के कुछ हिस्सों में कानून व्यवस्था की स्थिति का आकलन करने के बाद रात्रिकालीन कर्फ्यू हटा लिया गया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
बुधवार को जारी एक आदेश में जिला अधिकारी विभोर अग्रवाल ने कहा कि सामान्य स्थिति बहाल हो गई है और स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है इसलिए जनहित में प्रतिबंधों को हटाना आवश्यक है।
भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा 163 के तहत, शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक का रात्रि कर्फ्यू 19 मार्च को जिले के कुछ हिस्सों में हिंसा और झड़प की घटनाओं के बाद लागू किया गया था।
पुलिस ने बताया कि आदिवासी और गैर-आदिवासी समूहों के बीच हुई झड़प में दो लोगों की मौत के बाद पश्चिम गारो हिल्स में तनाव व्याप्त हो गया था।
आदेश में कहा गया है कि कर्फ्यू हटने के साथ ही मौजूदा कानूनों और नियमों का पालन करते हुए जनता की आवाजाही, दुकानों और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों का कामकाज और अन्य वैध गतिविधियां फिर से शुरू हो गई हैं।
हालांकि, प्रशासन ने नागरिकों से शांति, सार्वजनिक व्यवस्था और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने का आग्रह किया है और चेतावनी दी है कि सार्वजनिक शांति भंग करने की संभावना वाले किसी भी कृत्य के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कानून प्रवर्तन एजेंसियों को सतर्क रहने और शांति भंग होने से रोकने के लिए तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि जिले में स्थिति स्थिर है और हाल के दिनों में कोई बड़ी अप्रिय घटना नहीं हुई है, जिसके कारण प्रतिबंधों में ढील देने की अनुमति दी गई है।
भाषा तान्या गोला
गोला