Breaking News

जेपी नड्डा समेत अन्य BJP नेता कई जगह कल NDA उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे     |   अर्जेंटीना ने ईरान के चार्ज डी'अफेयर्स को देश से निकाला     |   लोकसभा 16 अप्रैल तक के लिए स्थगित, स्पीकर ओम बिरला ने कहा- हम फिर बैठेंगे     |   ईरान ने खाड़ी देशों में अमेरिका से जुड़े स्टील और एल्युमीनियम प्लांट्स पर हमला किया     |   'LDF और UDF के वर्षों के कुशासन ने केरलम को पीछे धकेला’, पीएम मोदी का एक्स पोस्ट     |  

जरूरतमंद को आवास और बीमार के इलाज की होगी व्यवस्था: मुख्यमंत्री आदित्यनाथ

गोरखपुर (उप्र), दो अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद लोगों को आवास दिलाने और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों के इलाज में भरपूर आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर जरूरतमंद और पात्र व्यक्ति को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा हर समस्या के प्रभावी निस्तारण के लिए संकल्पित है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित ‘जनता दर्शन’ के दौरान करीब 100 लोगों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने एक-एक कर ‘जनता दर्शन’ में आए लोगों की समस्याएं सुनीं। उनके प्रार्थना पत्र लिए और संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को उनकी समस्याओं का समाधान समय पर सुनिश्चित करने, निष्पक्ष तरीके से करने का निर्देश दिया।

बयान के मुताबिक उन्होंने पुलिस से जुड़े मामलों में त्वरित और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

‘जनता दर्शन’ में एक महिला ने आवास की समस्या बताई जिस पर मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि उन्हें सरकार की आवास योजना के तहत आवास दिलाया जाएगा।

गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक मदद मांगने आए लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा।

उन्होंने कहा कि जो भी जरूरतमंद हैं, प्रशासन उनके बेहतर से बेहतर इलाज का इंतजाम करेगा और अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे इलाज के खर्च का ब्योरा तैयार कर शासन को उपलब्ध कराएं।

भाषा जफर सुरभि

सुरभि