Breaking News

जेपी नड्डा समेत अन्य BJP नेता कई जगह कल NDA उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे     |   अर्जेंटीना ने ईरान के चार्ज डी'अफेयर्स को देश से निकाला     |   लोकसभा 16 अप्रैल तक के लिए स्थगित, स्पीकर ओम बिरला ने कहा- हम फिर बैठेंगे     |   ईरान ने खाड़ी देशों में अमेरिका से जुड़े स्टील और एल्युमीनियम प्लांट्स पर हमला किया     |   'LDF और UDF के वर्षों के कुशासन ने केरलम को पीछे धकेला’, पीएम मोदी का एक्स पोस्ट     |  

लोगों का आरोप है कि गांदेरबल में हुई मुठभेड़ फर्जी थी: महबूबा

श्रीनगर, दो अप्रैल (भाषा) पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि जम्मू-कश्मीर के गांदेरबल जिले में हाल में हुई मुठभेड़ के “फर्जी” होने के आरोप लगाए जा रहे हैं।

सेना ने बुधवार को बताया था कि जिले के लार इलाके का रहने वाला राशिद अहमद मुगल नामक स्थानीय आतंकवादी अरहामा इलाके में रातभर हुई मुठभेड़ में मारा गया।

महबूबा मुफ्ती ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, “अरहामा में एक मुठभेड़ हुई, जिसमें 29 वर्षीय स्थानीय युवक राशिद मुगल मारा गया। आरोप हैं कि यह फर्जी मुठभेड़ थी। पहले सेना ने उसे विदेशी आतंकवादी बताया, फिर कहा कि वह स्थानीय है और आतंकवाद से जुड़ा हुआ है।”

उन्होंने यह दावा भी किया कि राशिद अनाथ था और एक एनजीओ चलाता था।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “उसका शव भी परिवार को नहीं सौंपा गया… उसे बारामुला में दफनाया गया। हमारे युवाओं के साथ यही हो रहा है।”

महबूबा मुफ्ती ने युवाओं से राजनीति में आने की अपील करते हुए कहा कि नेशनल कांफ्रेंस के नेता मुनीब देवा का पीडीपी में शामिल होना “अच्छा संकेत” है।

उन्होंने कहा, “युवाओं को आगे आना चाहिए, क्योंकि सबसे ज्यादा मुश्किलें वही झेल रहे हैं। उन्हें मुख्यधारा की राजनीति में आकर नगर निकाय, पंचायत या विधानसभा चुनाव के जरिए अपनी जगह बनानी चाहिए। अगर ज्यादा युवा पीडीपी से जुड़ेंगे, तो लोगों की आवाज और मजबूत होगी।”

भाषा जोहेब नोमान

नोमान