Breaking News

होर्मुज से निकलने वाले जहाजों से जल्द शुल्क वसूलना शुरू करेंगे- बोले ईरान के मंत्री     |   जेपी नड्डा समेत अन्य BJP नेता कई जगह कल NDA उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे     |   अर्जेंटीना ने ईरान के चार्ज डी'अफेयर्स को देश से निकाला     |   लोकसभा 16 अप्रैल तक के लिए स्थगित, स्पीकर ओम बिरला ने कहा- हम फिर बैठेंगे     |   ईरान ने खाड़ी देशों में अमेरिका से जुड़े स्टील और एल्युमीनियम प्लांट्स पर हमला किया     |  

बीरभूम में पुलिसकर्मियों पर पथराव किया गया, कई पुलिसकर्मी घायल, 14 लोग गिरफ्तार

कोलकाता, दो अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में उपद्रवियों द्वारा पुलिसकर्मियों पर पथराव में एक पुलिस अधिकारी सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

कुखुदिही गांव में उपद्रवियों द्वारा पुलिस टीम पर पत्थर और ईंटें फेंकने की घटना में सूरी पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी (ओसी) शैलेंद्र उपाध्याय समेत कई लोग घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, यह विवाद तब शुरू हुआ जब एक कब्रिस्तान के पास निर्माण कार्य में लगी एक अर्थमूवर मशीन ने गलती से मिट्टी से ढकी एक कब्र को खोद दिया, जिससे तनाव पैदा हो गया।

अधिकारी ने बताया कि इसके बाद स्थानीय लोगों के एक समूह ने अर्थमूवर मशीन के चालक को घेर लिया, जिससे एक ही समुदाय के दो समूहों के बीच झड़प हुई।

पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और भीड़ को शांत करने तथा चालक को छुड़ाने का प्रयास किया। हालांकि, भीड़ ने पुलिस दल पर पत्थर और ईंटें फेंकीं, जिससे प्रभारी अधिकारी (ओसी) समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

एसपी सूर्य प्रताप यादव सहित वरिष्ठ अधिकारी बाद में अतिरिक्त बलों के साथ स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए गांव पहुंचे।

एसपी ने कहा, “अब तक 14 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। छापेमारी जारी है और सभी आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”

उन्होंने कहा, “झड़प में शामिल दोनों समूह एक ही समुदाय से हैं।”

पुलिस ने बताया कि इलाके में स्थिति अब नियंत्रण में है, हालांकि एहतियात के तौर पर सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

भाषा तान्या गोला

गोला