Breaking News

नेपाल में ईंधन संकट के बीच सरकार का फैसला, अब हफ्ते में दो दिन छुट्टी     |   बंगाल के कूचबिहार पहुंचे पीएम मोदी, जनसभा को कर रहे संबोधित     |   कूचबिहार में प्रधानमंत्री मोदी बोले - रैली ने बदलाव पर मुहर लगा दी, बीजेपी की होगी प्रचंड जीत     |   बंगाल में संविधान की प्रक्रिया भी सुरक्षित नहीं, अधिकारियों को बंधक बनाया गया: PM मोदी     |   चुनाव में लालच रोकने के लिए ECI का एक्शन, जब्त किए ₹650 करोड़ की नकदी-शराब     |  

बलिया में बिजली का तार चोरी करने वाले गिरोह के सात शातिर अपराधी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

बलिया (उप्र), दो अप्रैल (भाषा) बलिया जिले में पुलिस ने बिजली का तार चोरी करने वाले एक गिरोह से संबंद्ध सात शातिर अपराधियों को बुधवार देर रात को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इनमें से दो बदमाश गोली लगने से घायल भी हुए हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।

अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला ने बृहस्पतिवार को संवाददाताओं को बताया कि सहतवार व बांसडीह पुलिस की संयुक्त टीम अकबरपुर गांव के निकट बुधवार देर रात एक बजे वाहनों की जांच कर रही थी तभी दो वाहन समर्थपुर की तरफ से आते हुए दिखाई दिए।

शुक्ला ने बताया कि पुलिस ने वाहनों को रुकने का इशारा किया लेकिन दोनों वाहन पीछे मुड़कर जाने लगे, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दी। उन्होंने बताया कि वाहन में सवार लोग नीचे उतरे और कथित तौर पर उन्होंने पुलिस पर गोलियां चलाईं।

एएसपी के अनुसार पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की जिसमें टिंकू कुमार शाह (37) और शमीम अंसारी उर्फ ​​सोनू (36) पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने घायल शाह और अंसारी के अलावा अरविंद यादव, मन्नू कुमार साह, रोहन कुमार पांडे, फिरोज खान और अभिषेक उर्फ ​​अंशु गौड को गिरफ्तार किया।

अधिकारी ने बताया कि शाह व अंसारी को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी बिजली के तार की चोरी करते थे, जिनके विरुद्ध जिले के विभिन्न थानों में कई अपराधिक मामले दर्ज हैं।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने इनके पास से चोरी का बिजली का तार और अन्य उपकरणों के साथ देसी तमंचा और कारतूस तथा चाकू बरामद किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

भाषा सं जफर सुरभि

सुरभि