Breaking News

जेपी नड्डा समेत अन्य BJP नेता कई जगह कल NDA उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे     |   अर्जेंटीना ने ईरान के चार्ज डी'अफेयर्स को देश से निकाला     |   लोकसभा 16 अप्रैल तक के लिए स्थगित, स्पीकर ओम बिरला ने कहा- हम फिर बैठेंगे     |   ईरान ने खाड़ी देशों में अमेरिका से जुड़े स्टील और एल्युमीनियम प्लांट्स पर हमला किया     |   'LDF और UDF के वर्षों के कुशासन ने केरलम को पीछे धकेला’, पीएम मोदी का एक्स पोस्ट     |  

उत्तराखंड में ‘ऑपरेशन प्रहार’, अपराधियों पर सख्त कार्रवाई, धामी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत राज्य में अपराध पर सख्त कार्रवाई का खाका पेश किया। इस अभियान का उद्देश्य देवभूमि को सुरक्षित, स्वच्छ और अपराध मुक्त बनाना है। हाल की घटनाओं पर चिंता जताते हुए धामी ने कहा कि कुछ घटनाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं और सरकार इन्हें दोबारा होने से रोकने के लिए ठोस व्यवस्था बना रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अपराधियों, गैंगस्टर्स और संगठित अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।

छात्रों की सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून में देश-विदेश से हजारों छात्र पढ़ने आते हैं, इसलिए सभी हॉस्टलों की सघन जांच की जा रही है और संचालकों से सहयोग मांगा गया है। उन्होंने साफ किया कि सरकार ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर काम कर रही है। अपराधियों के पुराने रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं, जांच अभियान तेज किया गया है और पुलिस की नाइट पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है। धामी ने दोहराया कि किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

यह कदम हाल ही में देहरादून में रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की गोली मारकर हत्या के बाद उठाया गया है। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस घटना के बाद पुलिस मुख्यालय में उच्च स्तरीय बैठक भी हुई, जिसमें अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने, बैरियर पर सख्त जांच और अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।