Breaking News

अमित शाह ने लॉन्च किया एंटी-ड्रग विजन, 3 साल में नेटवर्क खत्म करने का लक्ष्य     |   अयोध्या चंदा चोरी मामला: सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |   चंदा केस: ट्रस्ट में रोज चोरी हो रही थी, अरबों रुपये कहां गए? - अरविंद केजरीवाल     |   बिहार: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया     |   होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा के लिए अमेरिका, इजरायल और सहयोगी देश जिम्मेदार: ईरान     |  

उत्तर प्रदेश: मानहानि मामले की सुनवाई से पहले राहुल गांधी लखनऊ पहुंचे

मानहानि के एक मामले की सुनवाई से पहले, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी लखनऊ पहुंचे। उनके वकील प्रांशु अग्रवाल ने बताया कि ये मामला भारत जोड़ो यात्रा के दौरान भारतीय सैनिकों के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी से संबंधित है। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी दोपहर करीब एक बजे लखनऊ हवाई अड्डे पर पहुंचे और पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय और प्रभारी अविनाश पांडे के साथ विशेष सांसद/विधायक अदालत के लिए रवाना हुए।

राय ने बताया, "वे (गांधी) अदालती सुनवाई में शामिल होंगे और बाद में दिल्ली लौटेंगे। अगले कुछ दिनों में उनके अपने निर्वाचन क्षेत्र रायबरेली का दौरा करने के लिए फिर से उत्तर प्रदेश आने की संभावना है।" उनकी यात्रा के रास्ते और अदालत परिसर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। सीमा सड़क संगठन (सेना में कर्नल के समकक्ष) के सेवानिवृत्त निदेशक उदय शंकर श्रीवास्तव द्वारा दायर शिकायत पर संज्ञान लेते हुए अदालत ने गांधी को आरोपी के रूप में तलब किया।

शिकायत में कहा गया है कि 16 दिसंबर 2022 को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मीडियाकर्मियों और जनता को संबोधित करते हुए, गांधी ने नौ दिसंबर (2022) को अरुणाचल प्रदेश की सीमा पर भारतीय सेना और चीनी सेना के बीच हुई झड़प का जिक्र किया और कहा कि "लोग भारत जोड़ो यात्रा के बारे में तो पूछेंगे, लेकिन चीनी सैनिकों द्वारा हमारे सैनिकों की पिटाई के बारे में एक बार भी नहीं पूछेंगे।" शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि चीनी सैनिकों द्वारा भारतीय सैनिकों की कथित पिटाई के बारे में गांधी के बयान से उनकी भावनाएं आहत हुई हैं। 11 फरवरी को, विशेष अदालत ने मानहानि के आरोप में राहुल को तलब करने का आदेश दिया था।