Breaking News

छत्तीसगढ़ के वेदांता पावर प्लांट में ब्लास्ट, 40 मजदूर घायल     |   पटना: राज्यपाल से मिलने पहुंचे सम्राट चौधरी, सरकार बनाने का पेश करेंगे दावा     |   एनडीए विधानमंडल दल की बैठक खत्म     |   सम्राट चौधरी को एनडीए विधानमंडल दल का नेता चुना गया     |   थोड़ी देर में शुरू होगी NDA विधायक दल की बैठक     |  

Noida: श्रमिकों के प्रदर्शन के बाद यूपी सरकार ने न्यूनतम मजदूरी बढ़ाई, 1 अप्रैल से मानी जाएगी प्रभावी

Noida: उत्तर प्रदेश के नोएडा में विभिन्न मांगों को लेकर श्रमिकों के हिंसक प्रदर्शनों के बाद राज्य सरकार ने सभी श्रेणियों के मजदूरों के लिए न्यूनतम मजदूरी बढ़ा दी है और संशोधित दरें एक अप्रैल से प्रभावी मानी जाएंगी। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। गौतमबुद्ध नगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कहा, ‘‘मजदूरी में उच्चाधिकार प्राप्त समिति ने वृद्धि की है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस फैसले को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कल देर रात मंजूरी दे दी।’’

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, गौतम बुद्ध नगर और गाजियाबाद में अकुशल श्रमिकों को अब 11,313 रुपये प्रति माह के बजाय 13,690 रुपये प्रति माह मिलेंगे, जबकि अर्ध-कुशल श्रमिकों को 15,059 रुपये और कुशल श्रमिकों को 16,868 रुपये न्यूनतम मजदूरी दी जाएगी। अन्य नगर निगम क्षेत्रों के लिए संशोधित मासिक वेतन अकुशल श्रमिकों के लिए 13,006 रुपये, अर्द्धकुशल श्रमिकों के लिए 14,306 रुपये और कुशल श्रमिकों के लिए 16,025 रुपये तय किया गया है। शेष जिलों में अकुशल श्रमिकों को 12,356 रुपये प्रतिमाह, अर्द्धकुशल श्रमिकों को 13,591 रुपये और कुशल श्रमिकों को 15,224 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे।

यह फैसला नियोक्ता संगठनों और श्रमिक संगठनों के साथ विचार-विमर्श के बाद लिया गया। सरकार ने कहा कि ‘‘संतुलित और व्यावहारिक’’ परिणाम के लिए सुझावों और आपत्तियों पर विचार किया गया। यह कदम सोमवार को नोएडा में फैक्टरी श्रमिकों द्वारा बड़े पैमाने पर किए गए प्रदर्शनों की पृष्ठभूमि में उठाया गया है।

सोमवार को हजारों श्रमिकों ने अधिक वेतन और बेहतर कामकाजी परिस्थितियों की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। जिले के कुछ हिस्सों में प्रदर्शन हिंसक हो गए थे, जिसके बाद सरकार ने स्थिति से निपटने, श्रमिकों और नियोक्ताओं के साथ बातचीत के लिए एक समिति गठित की।