मेरठ में न्यू ईयर पर कड़ी सुरक्षा रहेगी। जिले में 150 जगहों पर पुलिस पिकेट और मोबाइल पिकेट रहेगी। जिले की सीमाओं को सील किया जाएगा। सभी थाना प्रभारी और 109 चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में नजर रखेंगे। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा खुद रात को शहर में घूमेंगे।
जहां सभी एसपी, सीओ और थानेदार रात को 2 बजे तक सड़कों पर रहेंगे। एसएसपी ने बताया कि बेगमपुल और दिल्ली रोड पर अतिरिक्त पुलिस लगाई गई है। अगर कोई कानून तोड़ता है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, शहर में जश्न को लेकर 31 दिसंबर की सुबह 6 बजे से रात के 2 बजे तक भारी वाहनों की शहर में नो एंट्री रहेगी।
आपको बता दे नए साल पर शहर में कहीं कोई बवाल न हो इसको लेकर पुलिस के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि सभी थाना प्रभारियों के माध्यम से होटल-रेस्टोरेंट और ढाबा मालिकों को नोटिस जारी किए गए हैं। बिना लाइसेंस के कहीं भी शराब नहीं परोसी जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि उनके क्षेत्र में चेकिंग करें कि बिना लाइसेंस के शराब तो नहीं पिलाई जा रही है।
सभी को अपने यहां के सीसीटीवी ऑन रखने होंगे। जहां पर आयोजन हैं, उनको अपनी पार्किंग की सुविधा खुद करनी होगी ताकि सड़कों पर जाम न लगे। जहां-जहां आयोजन हैं, उनको स्पष्ट बताया गया है कि तेज आवाज में गाने न बजाएं। इसके अलावा कहीं पर भी शस्त्र प्रदर्शन नहीं होगा। कोई भी मादक पदार्थ या अवैध शराब की जानकारी सामने आई तो होटल-रेस्टोरेंट को सील किया जाएगा।
मीडिया से बात करते हुए एसएसपी ने बताया कि जिले की सभी सीमाओं पर बेरीकेडिंग रहेगी। बागपत, मुजफ्फरनगर, शामली, गाजियाबाद, हापुड़ की सीमाओं पर पुलिस चेकिंग करेगी। जिले में 75 ऐसे प्वाइंट हैं जहां पर अतिरिक्त पुलिस पिकेट तैनात की गई है। इसके अलावा शहर में 70 चौराहों पर पुलिस पिकेट और मोबाइल पिकेट मौजूद रहेगी। बेगमपुल और दिल्ली रोड पर पुलिस फोर्स को रिजर्व में रखा गया है।
पुलिस पिकेट के अलावा ट्रैफिक पुलिस ऑफिस में बनाए गए कंट्रोल रूम से सीसीटीवी के जरिए निगरानी की जाएगी। वहां से संबंधित थाना पुलिस को जानकारी दी जाएगी। एसएसपी ने बताया कि 31 दिसंबर की शाम 5 बजे से ड्यूटी शुरू हो जाएगी। रात को 2 बजे तक ड्यूटी रहेगी। पुलिस पिकेट के अलावा सभी थाना प्रभारी और 109 चौकी इंचार्ज अपने-अपने क्षेत्र में गश्त करेंगे।
ट्रैफिक पुलिस की 10 टीमें जगह-जगह ब्रीथ एनेलाइजर मशीन के जरिए शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच करेंगी।। इनको जरूरत के हिसाब से शहर में बांटा जाएगा। शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने ट्रैफिक पुलिस, सभी चौकी इंचार्ज-थाना प्रभारियों और सीओ को निर्देश दिए हैं कि तेज स्पीड से वाहन चलाने वालों और स्टंट करने वालों पर सख्त कार्रवाई करें। ऐसे वाहनों को सीज करके भारी जुर्माना लगाएं। जहां पर जरूरत होगी वहां पर बेरीकेडिंग लगाकर भी वाहनों की स्पीड पर नियंत्रण कराया जाएगा।
वहीं बेगमपुल, हापुड़ अड्डा, सीसीएसयू यूनिवर्सिटी के बाहर, दिल्ली रोड, परतापुर से मोदीपुरम बाईपास, हापुड़ रोड, घंटाघर, बच्चा पार्क और माल रोड़ के होटल-रेस्टारेंट जहां पर बड़े आयोजन हो रहे हैं।
नियमों का पालन नहीं किया तो पुलिस करेगी सख्त कार्रवाई
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया- सभी थाना प्रभारी, सीओ, एडिशनल एसपी रात को तैनात रहेंगे। ब्रीथ एनेलाइजर से शराब पीकर वाहन चलाने वालों की चेकिंग की जाएगी। नया साल मनाएं लेकिन हुड़दंग न करें। तेज स्पीड में वाहन न चलाएं। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अगर कोई दूसरों को परेशान करता है, नियमों का पालन नहीं करता है तो पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।